महंगा हो जाएगा संगम नगरी में मकान बनवाना

पीडीए ने की मानचित्र शुल्क और विकास शुल्क में वृद्धि
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहरी क्षेत्र में मकान बनाना 10 दिसंबर से महंगा हो जाएगा। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने नक्शा पास होने के लिए मानचित्र शुल्क और विकास शुल्क में वृद्धि कर दिया है। यह वृद्धि कास्ट इंडेक्स के आधार पर की गई है। इससे लोगों को मकान बनाने में करीब पांच से 10 फीसदी ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
पीडीए द्वारा नक्शा और विकास शुल्क में हर साल वृद्धि का प्रावधान है। उसी क्रम में प्राधिकरण ने नक्शा और विकास शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है। यह वृद्धि गुरुवार से प्रभावी हो जाएगी। वर्तमान में लागू दर 1145 की जगह अब विकास शुल्क 1255 रुपए वसूल किया जाएगा। मलबा शुल्क 20 से बढ़ा कर 21 कर दिया गया है।
भवनों के निर्माण के निरीक्षण के लिए लागू वर्तमान दर 20 से बढ़ाकर 21, अनुज्ञा शुल्क व्यावसायिक 30 से बढ़ाकर 31 रुपए और ग्रुप हाउसिंग के लिए लागू मौजूदा दर 15 से बढ़ाकर 16 कर दिया गया है। सीडीसी शुल्क 230 से बढ़ाकर 251 कर दिया गया है। वहीं विकास अनुज्ञा शुल्क 1 हेक्टेयर तक 10445, एक हेक्टेयर से ढाई हेक्टेयर तक 20830, 2.50 हेक्टेयर से 5 हेक्टेयर तक 31246 और 5 हेक्टेयर अथवा इससे अधिक के लिए विकास शुल्क 15623 रुपए देना होगा। टाउन प्लानर टीपी सिंह का कहना है कि शासन की ओर से हर साल विकास शुल्क और मानचित्र शुल्क में वृद्धि का प्रावधान है। उसी क्रम में यह वृद्धि की गई है।



