ऑनलाइन शिक्षा में सकारात्मक संभावनाएं: राज्यपाल आगामी सत्र से पीजी के 12 पाठ्यक्रमों में होगी पढ़ाई: प्रो. संगीता
प्रयागराज। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भय्या) विश्वविद्यालय की ओर से दो दिनी अंतर्राष्ट्रीय वेबिनार में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने कहा कि प्रधानमन्त्री के ‘आत्मनिर्भर भारतÓ की परिकल्पना को साकार करने में अपना योगदान सुनिश्चित करें। राज्यपाल ने कहा कि देश की शिक्षा प्रणाली में प्रोद्यौगिकी आधारित नवाचार की अनेक सम्भावनाएं हैं। ऑनलाइन शिक्षा आदर्श विकल्प नहीं है परन्तु इससे शिक्षा के स्वरूप को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने बताया कि आगामी सत्र से 12 परास्नातक पाठ्यक्रमों का संचालन शुरू किया जाएगा। युवाओं के लिए कई रोजगारपरक पाठयक्रम (जैसे फैशन टैक्नोलॉजी, एन्टरप्रोन्योरशिप, आहार विज्ञान, योग पाठ्यक्रम, गाँधी अध्ययन केन्द्र) का भी संचालन आगामी सत्र से किया जा रहा है। वेबिनार में लखनऊ विवि के कुलपति प्रो. आलोक राय, कानपुर विवि की कुलपति प्रो. नीलिमा गुप्ता, बुन्देलखण्ड विवि के कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन, गुजरात केन्द्रीय विवि के कुलपति प्रो. आरएस दुबे, प्रो. मनमोहन कृष्ण, प्रो. कृष्ण कुमार, डॉ. वत्सला मिश्रा ने विचार रखे। वेबिनार में देश-विदेश से लगभग 1100 लोगों सहित शिक्षकों, विद्यार्थियों, छात्र-छात्राओं सहित अन्य ने प्रतिभाग किया।


