नए यमुना पर दुर्घटना, बाइक सवार की मौत
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कीडगंज थाना क्षेत्र के नए यमुना पुल पर रविवार रात हुई सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक सवार को टक्कर मारने वाले वाहन का चालक गाड़ी लेकर भाग निकला। नैनी की तरफ से बाइक सवार अधेड़ रविवार रात शहर की तरफ आ रहा था। अभी वह पुल पार करता, इससे पहले किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर एसआई पंकज भास्कर मौके पर पहुंचे और आननफानन में घायल बाइक सवार को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसआई ने बताया कि मृतक की जेब से आधारकार्ड मिला है, जिस पर उसका नाम मनोज कुमार (50 वर्ष) पुत्र वी.डी. मिश्रा निवासी टायो कालोनी गम्हरिया थाना सरायकेला जिला खरमावां झारखंड लिखा है।
घटनास्थल के आसपास मोबाइल खोजने की कोशिश की जा रही है, जिससे यह पता चल सके कि मनोज यहां कहां रहते थे और क्या करते थे। किस वाहन ने उनको चपेट में लिया, यह पता नहीं चल सका है। चौराहे पर लगे सीसीटीवी फुटेज से वाहन का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।




