सीएम व मिशन शक्ति हेल्प डेस्क से गुहार, इविवि: ऋचा व छात्राओं को जेल भेजने का मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ऋचा सिंह समेत पांच छात्राओं को आधी रात बाद जेल भेजे जाने का मसला अब मिशन शक्ति हेल्प डेस्क पहुंच गया है। इसके अलावा मामले की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी पत्र भेजकर की गई है। यह छात्राएं 15 अक्टूबर को हॉस्टल खोले जाने की मांग को लेकर कुलपति कार्यालय के बाहर धरने पर बैठी थीं।
मिशन शक्ति हेल्प डेस्क और मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में ऋचा समेत अन्य छात्राओं ने बताया कि वह 15 अक्टूबर को हॉस्टल खोले जाने की माग को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से कुलपति कार्यालय के बाहर धरने पर बैठीं थीं। रात करीब 10 बजे पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया। फिर मुकदमा दर्ज कर सभी को आधी रात बाद जेल भेज दिया गया
। डीके बसु गाइडलाइन का उल्लंघन करते हुए पुलिस ने छात्राओं को उनके अधिकार से भी नहीं अवगत कराया। जबकि, सभी के मोबाइल फोन भी छीन लिए गए।
आरोप लगाया गया है कि मेडिकल के वक्त कोई महिला चिकित्सक भी नहीं मौजूद थीं। 16 अक्टूबर को जमानत के बावजूद छात्राओं को रिहा नहीं किया गया।
जबकि शाम के पाच बजे जेल में परवाना भी पहुंच गया था। छात्राओं ने यह भी बताया कि इस घटनाक्रम के बारे में एडीजी जोन, आइजी, डीएम और एसएसपी को भी पूर्व में सूचना दी गई। इसके बावजूद प्रकरण में किसी तरह की कार्रवाई नहीं की गई।



