सफल अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र जारी

आरओ-एआरओ-2016 मुख्य परीक्षा की तैयारी
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने आरओ-एआरओ यानी समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी-2016 (मेंस) मुख्य परीक्षा की तैयारी शुरू कर दी है। केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया अंतिम दौर पर चल रही है। इधर, यूपीपीएससी ने सोमवार को मुख्य परीक्षा के लिए सफल अभ्यर्थियों का प्रवेश पत्र जारी कर दिया। अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट से प्रवेशपत्र डाउनलोड करना होगा।
आरओ-एआरओ-2016 की मुख्य परीक्षा 22 व 23 दिसंबर को प्रयागराज, लखनऊ व गाजियाबाद में कराई जाएगी। यूपीपीएससी ने आरओ-एआरओ-2016 के 303 व महिला एवं बाल कल्याण विभाग, बाट-माप, राजकीय बचत में विशेष योग्यता के 58 पद की भर्ती निकाली है। इसकी प्रारंभिक परीक्षा 20 सितंबर को कराई थी। प्रदेश के 17 जिलों में 823 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा के लिए 3,85,122 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था। लेकिन, 1,40,301 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट 28 अक्टूबर को जारी हुआ था।




