इंटरसिटी व गंगा गोमती चलाने का प्रस्ताव

माघ मेले को लेकर रेलवे ने शुरू की तैयारियां
( अनंत पांडे )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। जनवरी माह में लगने वाले माघ मेले को लेकर रेलवे ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। रेलवे 12 जनवरी से कई ट्रेनें चला सकता है। इसका प्रस्ताव रेलवे बोर्ड भेजा गया है। मार्च से कोरोना के कारण लखनऊ से प्रयागराज रुट पर एक भी ट्रेन नहीं चल रही थी।
माघ मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के मद्देनजर उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने रेलवे बोर्ड को एक प्रस्ताव भेजकर 12 जनवरी से सुबह रवाना होने वाली लखनऊ प्रयाग इंटरसिटी और शाम को गंगा गोमती स्पेशल चलाने की बात कही गई है। साथ ही रात को रवाना होने वाली बरेली प्रयाग एक्सप्रेस स्पेशल को भी चलाने की डिमांड की गई है। इसके साथ ही लखनऊ रेलमंडल में चलने वाली मनकापुर-प्रयाग सरयू एक्सप्रेस स्पेशल, प्रयाग-बस्ती एक्सप्रेस स्पेशल, प्रयाग-उन्नाव-कानपुर के साथ प्रयाग-फैजाबाद पैसेंजर की भी शुरुआत हो सकती है।
अगले माह हरिद्वार में शुरू हो रहे कुम्भ को लेकर भी रेलवे ट्रेन चला सकता है। रेलवे ने 12 जनवरी से ही प्रयागराज हरिद्वार एक्सप्रेस स्पेशल को फिर से चलाने का प्रस्ताव भेजा है। अभी हरिद्वार के लिए गोरखपुर देहरादून एक्सप्रेस एक विकल्प है। जनता एक्सप्रेस स्पेशल और दून एक्सप्रेस स्पेशल अब तक शुरू नहीं हो पाई हैं।



