मुख्य स्नान पर्वों पर चलेंगी अतिरिक्त बसें

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने प्रयागराज में लगने वाले माघ मेला के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
माघ मेला के लिए रोडवेज कर रहा तैयारी
झूंसी व नैनी में बन रहे अस्थायी बस अड्डे
परिवहन निगम के चीफ जनरल मैनेजर पीआर बेलवारियार ने खुद मेला तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय रोडवेज अफसरों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
रोडवेज अधिकारियों के साथ बैठक में बेलवारियार ने कहा कि दस जनवरी से पहले माघ मेला की सारी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं जिसमें अस्थायी बस अड्डों के निर्माण के साथ यात्रियों से जुड़े अन्य कार्य हैं।
प्रयागराज परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि अबकी माघ मेले में रोडवेज की ओर से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के लिए 2800 अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा जो मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी आदि पर्वों पर चलाई जाएंगी।
रोडवेज की ओर से झूंसी क्षेत्र और नैनी में लेप्रोसी मिशन के पास अस्थायी बस अड्डे का निर्माण कराया जा रहा है, जहां से माघ मेले के दौरान 2800 अतिरिक्त बसों को संचालित किया जाएगा। इसके अलावा इन बसों का संचालन सिविल लाइंस स्थित स्थायी बस अड्डे से भी होगा।
परिवहन निगम के चीफ जनरल मैनेजर पीआर बेलवारियार और जनरल मैनेजर राजीव चौहान ने माघ मेले की तैयारियां दस जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। इस संदर्भ में फैजाबाद, कानपुर, वाराणसी, झांसी, चित्रकूट, गोरखपुर, लखनऊ आदि के क्षेत्रीय प्रबंधकों से वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से बात कर संबंधित दिशा निर्देश दिए।


