Latest

पर्यटकों की मदद को बनेंगे चार सेंटर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने की कवायद शुरू कर दी गई है। स्मार्ट सिटी के तहत देश-विदेश से प्रयागराज आने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए चार टूरिस्ट इंफार्मेशन सेंटर बनाए जाएंगे।

जगह कर ली गई चिन्हित, निर्माण एजेंसी का भी चयन, सेटअप तैयार होने पर पर्यटन विभाग करेगा संचालन

इसके लिए जगह भी चिह्नित कर ली गई है और निर्माण एजेंसी का भी चयन कर लिया गया है। पर्यटन विभाग से स्वीकृति का इंतजार है।
संगमनगरी आने वाले पर्यटकों को शहर की भौगोलिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पौराणिक विरासतों एवं धरोहरों की जानकारी के लिए आमतौर पर सिविल लाइंस स्थित पर्यटन विभाग के कार्यालय में संपर्क करना होता है। लेकिन, उनकी सहूलियत के लिए अब प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड, प्रयाग रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और संगम क्षेत्र में बड़े हनुमान मंदिर के समीप टूरिस्ट इंफार्मेशन सेंटर बनाए जाएंगे। इन सेंटरों के निर्माण के लिए दिल्ली की एक एजेंसी का चयन स्मार्ट सिटी लिमिटेड की तरफ से कर लिया गया है।
टूरिस्ट इंफार्मेशन सेंटर में स्मार्ट टेलीविजन और कंप्यूटर सिस्टम लगाए जाएंगे। टच स्क्रीन मशीनें भी लगाई जाएंगी, जिससे पर्यटक अपनी मर्जी से मनचाही जानकारी ले सकेंगे। इन चारों सेंटरों के निर्माण में करीब एक करोड़ रुपये की लागत आएगी। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों के बाहर ऐसे सेंटर बनाए जाने का निर्णय इसलिए लिया गया है क्योंकि पर्यटकों का आना-जाने ट्रेनों एवं एयरोप्लेन से ही होता है। चारों टूरिस्ट इंफार्मेशन सेंटरों के निर्माण के बाद उनके संचालन की जिम्मेदारी पर्यटन विभाग को दे दी जाएगी।

Related Articles

Back to top button