स्कूलों के नामों में जल्द आएगी एकरूपता, अब होंगे प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालय
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों के नामों में एकरूपता लाने की कवायद चल रही है।
बीएसए ने जारी किया सभी बीईओ को निर्देश
शासन से जारी पत्र में कहा गया है कि अभी कुछ विद्यालयों के नाम के साथ उच्च प्राथमिक विद्यालय, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, बेसिक शिक्षा विद्यालय, कुछ जगहों पर जूनियर हाईस्कूल लिखा जा रहा है। शासन से मिले निर्देश में कहा गया है कि प्राथमिक स्तर पर विद्यालय का नाम प्राथमिक विद्यालय उससे ऊपर के लिए उच्च प्राथमिक विद्यालय ही लिखा जाए।
बेसिक शिक्षाधिकारी संजय कुशवाहाा ने बताया कि सभी खंड शिक्षाधिकारियों को स्कूलों के नाम में एकरूपता लाने के लिए निर्देशित कर दिया गया है। यदि कहीं पर प्राथमिक विद्यालय-एक व प्राथमिक विद्यालय-दो को मिलाया गया है तो उसे इकाई के रूप में प्राथमिक विद्यालय ही लिखा जाएगा।
यदि दो उच्च प्राथमिक विद्यालयों को मिलाया गया हो तो उन्हें भी सिर्फ उच्च प्राथमिक विद्यालय ही लिखा जाए। इसके अतिरिक्त यदि उच्च प्राथमिक विद्यालय के साथ प्राथमिक विद्यालय का संविलयन हुआ है तो संविलयन के बाद इकाई के रूप में संचालित उस विद्यालय का नाम उच्च प्राथमिक विद्यालय ही लिखा जाएगा।




