बिजली विभाग का 85 फीसदी काम पूरा
लगाए जाएंगी 15,000 स्ट्रीट लाइटें, 60 हाईमास्ट
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघ मेला के तंबुओं की नगरी में बिजली की रोशनी चार चांद लगाती हैं। अब मेला शुरू होने में गिने-चुने दिन शेष हैं। बिजली विभाग की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच चुकी हैं। बिजली विभाग ने 85 फीसद से अधिक काम कर लिया है। इस बार बिजली व्यवस्था के लिए 9.46 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं।
मुख्य अभियंता ओपी यादव ने बताया कि मेला क्षेत्र में 15,000 स्ट्रीट लाइटें, 60 हाईमास्ट लगाए जाएंगे तथा इस बार 74,000 कनेक्शन दिए जाएंगे। माघ मेला क्षेत्र में सभी 16 प्रमुख द्वारों पर हाईमास्ट लाइट लगाई जा रही हैं। पांटून पुल पर भी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। दोनों छोर पर हाईमास्ट लाइटें लगेंगे। कुल 17 उपकेंद्रों के निर्माण के साथ ही तीन ट्राली ट्रांसफार्मर की व्यवस्था की गई है। विषम परिस्थितियों में उपकेंद्र में कोई तकनीकी गड़बड़ी आने पर 13 जेनरेटर की भी व्यवस्था होगी। मेला क्षेत्र में कुल 12,200 खंभे ऐसे लगाए गए हैं जिससे उनके बीच की दूरी का पता न चले।
मेला क्षेत्र की बिजली आपूर्ति में व्यवधान न हो, इसके लिए 10 टीमें बनाई गईं हैं, जो शिफ्टवार ड्यूटी करेंगी। टीमें तीनों सेक्टर परेड, अरैल और झूंसी की तरफ कांबिग करेंगी। महत्वपूर्ण स्नान पर्वों पर टीम की संख्या दोगुनी कर दी जाएगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को मेला में आकर्षक बिजली सजावट के निर्देश दिए गए हैं।

