मुविवि: ऑफलाइन मोड में होंगी सत्र परीक्षाएं

परीक्षा कार्यक्रम को मिली परीक्षा समिति की मंजूरी
( अनुराग शुक्ला )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (मुविवि) के दिसंबर-2020 सत्र की परीक्षाएं नौ फरवरी से ऑफलाइन मोड में कराई जाएगी। कुलपति प्रोफेसर कामेश्वर नाथ सिंह की अध्यक्षता में परीक्षा समिति की बैठक में सर्वसम्मति से मंजूरी मिल गई। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक डीपी सिंह की तरफ से विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया।
परीक्षा नियंत्रक की तरफ से जारी कार्यक्रम के मुताबिक नौ फरवरी से 25 मार्च तक दो पालियों में परीक्षा कराई जाएगी। पहली पाली में सुबह नौ से दोपहर 12 और दूसरी पाली में दोपहर एक से शाम चार बजे का समय निर्धारित किया गया है। दिसंबर-2020 की परीक्षा में इस बार अहम बदलाव भी किया गया है। विश्वविद्यालय में प्रवेशित नए एवं पुराने शिक्षार्थियों को जिन प्रश्नपत्रों की परीक्षा वस्तुनिष्ठ यानी बहुविकल्पीय आधारित होती थी। अब सामान्य प्रश्न पत्रों की तरह निबंधात्मक परीक्षा कराई जाएगी। इसके लिए तीन घटे का समय दिया जाएगा।
मुविवि प्रशासन ने विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए इस बार नंबर भी सार्वजनिक किए हैं। प्रवेश पत्र से संबंधित समस्या के समाधान के लिए 7525048060, 7525048070, 7525048080, 7525048090 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा परीक्षा समय सारिणी से संबंधित जानकारी के लिए 7525048094, 7525048119, 7525048095 पर संपर्क कर सकते हैं।




