Latest

महिला यात्रियों को सुरक्षा दे रहीं ‘मेरी सहेली’

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर मध्य रेलवे (उमरे) के सभी तीन मंडलों प्रयागराज, झांसी एवं आगरा में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेरी सहेली अभियान को प्रारंभ किया गया है।

उत्तर मध्य रेलवे में चलाया जा रहा विशेष अभियान

आरपीएफ के 121 सुरक्षा कर्मियों की 27 टीमें गठित

इसके अंतर्गत प्रारंभिक स्टेशन से गंतव्य स्टेशन तक ट्रेनों से यात्रा के दौरान महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) की इस पहल के तहत, युवा महिला आरपीएफ कर्मियों की एक टीम द्वारा अकेले यात्रा कर रही महिला यात्रियों के साथ यात्रा के प्रारंभिक स्टेशनों पर वार्ता की जाती है।

इन महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सभी सावधानियों के बारे में बताया जाता है और कहा जाता है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा सम्बंधित कोई समस्या होने पर वे 182 डायल करें।

रेल सुरक्षा बल टीम महिला यात्रिओं की सीट संख्या नोट करती है और उन्हें मार्ग के स्टेशनों पर मॉनिटरिंग हेतु साझा करती हैं।

मार्ग के ठहरावों के दौरान प्लेटफार्म ड्यूटी पर नियुक्त रेल सुरक्षा बल कर्मी संबंधित कोच और बर्थ पर नजर रखते हैं। इसके लिए 121 सुरक्षा कर्मियों की 27 टीमें गठित की गई हैं।

गंतव्य स्टेशन पर रेल सुरक्षा बल की टीमें चिन्हित महिला यात्रियों से फीडबैक भी एकत्र करती हैं और इन प्रतिक्रियाओं का विश्लेषण किया जाता है।

इसके आधार पर यदि कोई सुधार वांछित हो तो सुधारात्मक कार्रवाई की जाती है। इसके अतिरिक्त यदि मेरी सहेली पहल के तहत कवर की गई ट्रेन से कोई डिस्ट्रेस कॉल आती है, तो कॉल के निरकारण की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर की जा रही है।

Related Articles

Back to top button