Latest

माघमेले में विविध कार्यक्रमों के माध्यम से कोविड-19 व टीकाकरण पर किया जा रहा है जागरूक

(अनुराग शुक्ला) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। माघमेले में आने वाले श्रद्धालुओं व तीर्थयात्रियों को कोविड-19 व टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के लिए सूचना और प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार के लोक सम्पर्क ब्यूरो प्रयागराज द्वारा प्रयास जारी है। इसी क्रम में रविवार को ब्यूरो के माघमेला शिविर में एक खुली प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें तकनीकी सहायक राजेश बरनवाल द्वारा कोविड-19 व स्वास्थ्य पर प्रश्न किये गये तथा सही जवाब देने वाले दस विजयी प्रतिभागियों को प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो, लखनऊ के संयुक्त निदेशक सुनील कुमार शुक्ल, तकनीकी सहायक बी0एल0 पाल व राम मूरत विश्वकर्मा द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक श्री शुक्ल ने माघमेले में कोविड-19 व टीकाकरण पर चलाये जा रहे प्रचार अभियान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि टीकाकरण को लेकर लोगों के के मन में जो भ्रांतियां हैं वह निराधार है स्वदेशी दोनों टीके पूरी तरह से सुरक्षित व प्रभावी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि लोग निर्भय होकर अपनी बारी पर टीकाकरण अवश्य करायें।
ब्यूरो के सेक्टर दो स्थित माघमेला शिविर में प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो लखनऊ के पंजीकृत कलाकार दीपिका मिश्रा, प्रीती लाल, सुमन आर्य, विमला कठेरिया, रंजना मिश्रा व राजकुमार द्वारा संदेशमूलक सांस्कृतिक कार्यक्रम और राधेश्याम सोटा वाले एण्ड पार्टी चंदौली व क्रिएटिव डेवलपमेंट लखनऊ तथा द्वारा लोकगीत व नाटक के कार्यक्रम प्रस्तुत किये।
प्रादेशिक लोक सम्पर्क ब्यूरो लखनऊ, क्षेत्रीय लोक सम्पर्क ब्यूरो गोरखपुर व प्रयागराज द्वारा मेले में सचल प्रदर्शनी चेतना रथ, पोस्टर, स्टीकर, हैण्डबिल व पैम्पलेट के माध्यम से कोरोना व टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। साथ ब्यूरो के अधिकारी व कर्मचारियों द्वारा मेले में जाकर लोगों से बातचीत करके उनकी शंकाओं का समाधान किया जा रहा है। साथ ही टीकाकरण के बारे उनकी वीडियो प्रतिक्रियाएं भी संकलित की जा रही है।

Related Articles

Back to top button