एसपी के खिलाफ गैरजमानती वारंट, महोबा के क्रसर कारोबारी की हत्या का मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। महोबा जिले के एसपी रहे आईपीएस मणिलाल पाटीदार समेत तीन पुलिसकर्मियों के खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी हो गया है। पुलिस राजस्थान जाकर पूर्व एसपी के घर पर वारंट चस्पा कर चुकी है। रविवार को इस केस के विवेचक प्रयागराज के एसपी क्राइम आशुतोष मिश्रा महोबा पहुंचे और उन्होंने पीडि़त पक्ष का बयान दर्ज किया। पुलिस पूर्व कप्तान व पूर्व थानेदार और एक सिपाही की तलाश में लगी है। पूर्व एसओ की तलाश में जालौन और आरोपी सिपाही की तलाश में इटावा के लिए टीम रवाना है। इससे पूर्व प्रयागराज क्राइम ब्रांच राजस्थान और अन्य जगहों पर आईपीएस की तलाश में छापेमारी कर चुकी है।
महोबा के क्रसर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी की 8 सितंबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पांच दिन बाद उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। कारोबारी की मौत के बाद उनके भाई रविकांत ने महोबा के तत्कालीन एसपी मणिलाल पाटीदार और कबरई थाने के तत्कालीन थानेदार समेत दो अन्य के खिलाफ हत्या व साजिश की एफआईआर दर्ज कराई थी।
इस प्रकरण की जांच के बाद पुलिस ने हत्या के मामले में पूर्व एसपी को क्लीन चिट दे दी लेकिन आत्महत्या के लिए उकसाने और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत उन्हें आरोपी बनाया। अब इस केस की जांच एसपी क्राइम आशुतोष मिश्र कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि महोबा में पीडि़त पक्ष का बयान दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी है। उनकी तलाश में प्रयागराज क्राइम ब्रांच छापेमारी कर रही है। अगर आरोपी नहीं पकड़े गए तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।


