पेड़ से लटकता मिला युवक का शव पोस्टमार्टम से स्पष्टï होगा कि खुदकुशी की या हुई हत्या
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरांव क्षेत्र के बेरी गांव में बहन के घर आए युवक का शव रविवार सुबह घर से दूर धान के खेत में स्थित आम के पेड़ से लटकता मिला। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर जाकर छानबीन की। कई लोगों से पुलिस ने पूछताछ भी की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मीरजापुर जनपद के जिगना थाना क्षेत्र के यादवपुर गांव निवासी अमरेश पाल (35 वर्ष) पुत्र परानू पाल हाइड्रा ट्रक चलाता था। वह दीपावली की छुट्टी में अपने घर यादवपुर आया था। वह शनिवार शाम को अपने बहनोई कमल नारायण पाल निवासी बेरी गांव कोरांव के घर आया। बताते हैैं कि रात में वह रिश्तेदारों के साथ भोजन कर सो गया था। रविवार सुबह ग्रामीण शौच को गए थे तो देखा कि अमरेश का शव धान के खेत में स्थित आम के पेड़ से लटक रहा था। यह पेड़ अमरेश के बहनोई के घर से लगभग पांच सौ मीटर दूर स्थित है।
सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक थाना कोरांव चंद्रभान सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर ने अमरेश के बारे में उसके रिश्तेदारों तथा गांव के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि बहन के घर आए अमरेश ने खुदकुशी की अथवा उसकी हत्या कर शव को लटका दिया गया यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना की सूचना अमरेश के घर दी गई तो वहां भी कोहराम मच गया। अमरेश के दो बेटे व तीन बेटियां हैैं। दोपहर में बच्चे तथा परिवार के लोग भी आ गए। अमरेश के चाचा रामसजीवन पाल ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।



