अखंड भंडारे का श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने आरंभ किया

( अनुराग शुक्ला ) हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार )। कुंभ में आने वाले नागा साधुओं के लिए ललताराव पुल के निकट हनुमान मंदिर प्रांगण में अखंड भंडारे का श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने आरंभ किया।
उन्होंने कहा कि कोरोना के दृष्टिगत सरकार की ओर से कुंभ की अवधि को छोटा किया गया है, लेकिन छोटे समय में भी कुंभ का स्वरूप भव्य और दिव्य होगा। सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए सुव्यवस्थित तरीके से कुंभ मेले को सकुशल संपन्न कराने में अपना सहयोग प्रदान करें।
महापर्व कुंभ मेले के पावन अवसर पर जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं श्री दूधेश्वर नाथ मठ मंदिर गाजियाबाद के श्रीमहंत नारायण गिरी महाराज के सौजन्य से श्री दूधेश्वर अन्नपूर्णा भंडार की ओर से माघ पूर्णिमा स्नान से लेकर कुंभ के समापन तक अखंड भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। अन्न क्षेत्र प्रारंभ होने पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों नागा संन्यासियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर अखाड़ा परिषद के महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरि महाराज ने कहा कि सरकार की व्यवस्थाओं में संत समाज पूर्ण सहयोग प्रदान कर रहा है।




