Latest

खाली पदों को दबा ले गए प्रबंधक, भर्ती से पहले पदों के सत्यापन की तैयारी में बेसिक शिक्षा विभाग

(विनय मिश्रा) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश के 3049 अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापकों की भर्ती के लिए खाली पदों को प्रबंधक दबा ले गए। भर्ती में सरकार के दखल से नाखुश तमाम प्रबंधकों ने रिक्त पद इस उम्मीद में रोक लिए कि शायद भविष्य में उन्हें मनमानी नियुक्ति का मौका मिल जाए। चूंकि सरकार पहली बार खुद भर्ती करा रही है, इसलिए सभी रिक्त पदों की सूचना नहीं भेजी है। कुछ मैनेजर इस फिराक में हैं कि जिस प्रकार सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में बैकडोर से भर्ती हो जाती है उसी तरह वह भी भर्ती कर लें। हकीकत में प्रबंधक पारदर्शी तरीके से भर्ती नहीं होने देना चाहते क्योंकि इससे उनके स्तर पर शिक्षक भर्ती से होने वाली मोटी कमाई बंद हो जाएगी।
हालांकि बेसिक शिक्षा विभाग 1894 शिक्षकों की भर्ती से पहले पदों का सत्यापन करने की तैयारी में है। दिसंबर 2019 में नियमावली में संशोधन की कैबिनेट मंजूरी के बाद साढ़े चार के आसपास खाली पदों का अनुमान लगाया जा रहा था। लेकिन रिक्तियों की वास्तविक संख्या आधे से कम मिली। अधिकारियों का मानना है कि बदले मानकों के अनुसार कुछ पद कम हो सकते हैं लेकिन इस बात से भी इनकार नहीं किया जा सकता कि प्रबंधकों ने पद रोक लिए हों।

Related Articles

Back to top button