Latest

पुलिस ने पार्षद व उनके दोस्तों के खिलाफ सोशल डिस्टेंसिंग व महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। रविवार को भाजपा के नामित पार्षद अनूप मिश्र को अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी में धमाल मचाना महंगा पड़ गया। रविवार को सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हो गया। जिसमें कोई भी युवक मास्क नहीं पहने था। पुलिस अफसरों के आदेश पर रविवार को अतरसुइया पुलिस ने पार्षद व उनके दोस्तों के खिलाफ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करना और महामारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। चौधरी गार्डेन के पास रहने वाले गौरव मिश्र ने शनिवार रात जन्मदिन मनाते हुए फेसबुक पर वीडियो लाइव किया था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात 12 बजे पार्षद अनूप मिश्र कार का हूटर बजाते हुए चौधरी गार्डेन के पास पहुंचे। लग्जरी गाड़ी में अनूप के अन्य दोस्त भी थे। किसी ने मास्क नहीं पहना था। गाड़ी के बोनट पर दो केक रखकर काटे गए और हुल्लड़बाजी के साथ धूमधाम से जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। रविवार को यह वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अतरसुइया पुलिस ने इस मामले को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की। दरियाबाद चौकी इंचार्ज दिलीप गुप्ता ने बताया कि इस मामले में पार्षद अनूप, गौरव मिश्र, ईशु अग्रवाल, बाबू अग्रवाल और कुलदीप तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Related Articles

Back to top button