माशिसे चयन बोर्ड ने जारी किया संशोधित विज्ञापन

( अनुराग शुक्ला ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा (माशिसे) चयन बोर्ड ने प्रदेश के 4500 से अधिक सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) के 12,603 और प्रवक्ता (पीजीटी) के 2595 कुल 15198 पदों पर नियुक्ति का संशोधित विज्ञापन सोमवार देर शाम जारी कर दिया।
टीजीटी के 12,603 व पीजीटी के 2595 पदों पर होनी है नियुक्ति
तकरीबन चार महीने बाद जारी किए संशोधित विज्ञापन में प्रशिक्षित स्नातक (टीजीटी) के 310 पद कम हो गए हैं। अभ्यर्थी मंगलवार से चयन बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
चयन बोर्ड ने 29 अक्तूबर 2020 को टीजीटी के 12913 व पीजीटी के 2595 कुल 15508 पदों पर विज्ञापन जारी किया था। लेकिन सोमवार को जारी संशोधित विज्ञप्ति में टीजीटी के 12,603 और पीजीटी के 2595 कुल 15,198 पद रह गए हैं। टीजीटी के 310 पद कम हुए है। ये स्थिति तब है जबकि अध्यक्ष वीरेश कुमार पद कम न करने की बात कह चुके हैं और जिला विद्यालय निरीक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की भी तैयारी चल रही है।
इनसेट….
जीव विज्ञान के अभ्यर्थियों को मिला मौका
प्रयागराज। संशोधित विज्ञापन में प्रशिक्षित स्नातक जीव विज्ञान का पद भी शामिल किया गया है। टीजीटी में 310 पदों की कमी विज्ञान में ही हुई है। 29 अक्टूबर को जारी विज्ञापन में विज्ञान के 1943 पद थे। लेकिन संशोधित विज्ञापन में विज्ञान के 898 और जीव विज्ञान के 735 कुल 1633 पद हैं। संजय सिंह के मामले में सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवमानना से बचने के लिए विज्ञान और जीव विज्ञान के पदों पर अलग अलग आवेदन लिए जाएंगे। पूर्व के विज्ञापन में समस्या यह थी कि तदर्थ रूप से पढ़ा रहे जीव विज्ञान विषय के शिक्षक बाहर हो रहे थे। इसलिए इस विषय को शामिल किया गया है। ये अलग बात है कि यूपी बोर्ड ने तकरीबन ढाई दशक पहले ही हाईस्कूल स्तर से जीव विज्ञान को हटा दिया है।
इनसेट…
कम कर दिया तदर्थ शिक्षकों का भारांक
प्रयागराज। चयन बोर्ड ने संशोधित विज्ञापन में तदर्थ शिक्षकों का भारांक भी कम कर दिया है। 29 अक्टूबर के विज्ञापन में तदर्थ शिक्षकों को एक वर्ष की सेवा के लिए 1.75 अंक अधिकतम 35 अंक देने का प्रावधान किया था। लेकिन अब इसे घटाकर एक वर्ष की सेवा पर 1.5 अंक और अधिकतम 30 अंक देने का प्रावधान किया गया है। प्रशिक्षित स्नातक में साक्षात्कार नहीं होगा। तदर्थ शिक्षकों को लिखित परीक्षा में मिले अंकों में सेवा आधारित अधिभार अंक जोड़ दिया जाएगा जो किसी भी दशा में 500 अंकों से अधिक नहीं होगा। वहीं प्रवक्ता में अधिभार 30 अंक साक्षात्कार में देय होगा।


