Latest

जेई ने 20 ग्रामीणों के खिलाफ दी तहरीर , पानी बहाने से टूट रही डामर की सड़क का मामला

(अनंत पांडेय) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। फूलपुर और थरवई थाना क्षेत्र में हाल ही में तैयार की गई और बन रही डामर की सड़कें पानी के कारण खराब हो जा रही हैं। इससे एक ओर जहां सरकारी संपत्ति को नुकसान हो रहा है वहीं आवागमन में भी समस्या झेलनी पड़ती है। इस प्रकरण में लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के जूनियर इंजीनियर ने 20 ग्रामीणों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर ने कहा कि जांच चल रही है, जल्द ही मुकदमा दर्ज करेेंगे।
फूलपुर थाना क्षेत्र में पतुलकी गांव से शुरू होकर कनेहटी, दैलापुर, गिरधरपुर, झझरी, बाबूगंज होते हुए बगई तक लोक निर्माण विभाग का निर्माण खंड चार करीब दस करोड़ की लागत से सड़क बना रहा है। इसका कुछ हिस्सा बन चुका है और कुछ बन रहा है। इस रोड किनारे रहने वाले कई ग्रामीण सड़क पर पानी बहाते हैं। गांव में नाली है लेकिन वह पटी है और पानी सड़क पर बह रहा है, इससे सरकारी संपत्ति का नुकसान हो रहा है। समझाने के बावजूद ग्रामीण नहीं माने तो जूनियर इंजीनियर ने अटवा गांव के जब्बार, बदरे आलम, लाल बहादुर, हीरालाल, नंदलाल, अजय पाल, रामलाल पाल, बसंत लाल, धीरज कुमार, बाबूगंज के राजकुमार साहू और राकेश कुमार के खिलाफ फूलपुर थाने में तहरीर दी है।
दूसरी ओर थरवई थाना क्षेत्र में आठ करोड़ की लागत से सहसो से शुरू होकर रामनगर, गुलालपुर और हेतापट्टी तक सड़क का निर्माण गया है। यहां भी सड़क किनारे के लोग लगातार पानी बहा रहे हैं। इसलिए नई बनी सड़क नष्ट हो रही है। ऐसे में जूनियर इंजीनियर ने थरवई थाने में नौ लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। फूलपुर और थरवई इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिली है। सरकारी संपत्ति नष्ट करने के आरोप में इन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा। इस मामले में एक साल की सजा और जुर्माना हो सकता है।
अधिशासी अभियंता निर्माण खंड-4 सुनील कठेरिया ने बताया कि डामर की सड़क पर पानी बहाने से वह जल्द नष्ट हो रही है। इससे सरकारी संपत्ति का भारी नुकसान हो रहा है। सड़कों पर लोग पानी न बहाए, इसलिए फूलपुर और थरवई थाने में पिछले दिनों तहरीर दी है लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ।

Related Articles

Back to top button