आरओ व एआरओ भर्ती-2016 का रिजल्ट जारी

नहीं मिले उपयुक्त अभ्यर्थी, 43 रिक्तियां रह गईं खाली
( अनंत पांडेय )
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने समीक्षा अधिकारी (आरओ) व सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) 2016 भर्ती का अंतिम चयन परिणाम सोमवार को जारी कर दिया। 303 पदों के सापेक्ष 260 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। आयोग के सचिव जगदीश के अनुसार शेष 43 रिक्तियां उपयुक्त अभ्यर्थी उपलब्ध न होने के कारण खाली रह गई।
सचिव के अनुसार परीक्षा परिणाम से संबंधित प्राप्तांक तथा श्रेणीवार कटऑफ अंक की सूचनाएं संस्तुति भेजने के बाद आयोग की वेबसाइट पर प्रदर्शित की जाएगी। पांच साल पहले शुरू हुई आरओ-एआरओ 2016 भर्ती के लिए कुल 3.85 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। प्रारंभिक परीक्षा 20 सितंबर 2020 को दोबारा कराई गई। परीक्षा में मात्र 1.40 लाख (36.4 फीसदी) अभ्यर्थी उपस्थित हुए थे।
आयोग की ओर से 22 व 23 दिसंबर 2020 को आयोजित मुख्य परीक्षा में 4881 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। हिन्दी टंकण की परीक्षा 23 से 25 फरवरी तक आयोजित की गई। आयोग ने मुख्य परीक्षा में शामिल एवं अन्य पदों पर चयनित अभ्यर्थियों से 19 से 25 फरवरी तक अभ्यर्थन वापसी के लिए आवेदन मांगे थे। जिनमें 20 अभ्यर्थियों ने अभ्यर्थन वापस ले लिया था।
इनसैट…
आरओ सचिवालय के लिए 185 चयनित
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आरओ-एआरओ भर्ती- 2016 में सर्वाधिक 185 समीक्षा अधिकारी उत्तर प्रदेश सचिवालय को मिले हैं। विभिन्न प्रकार के आठ पदों पर चयन हुआ है। आरओ मुख्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय के लिए 7, आरओ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में 12, आरओ लेखा उत्तर प्रदेश सचिवालय 13, एआरओ लेखा सचिवालय 26, एआरओ राजस्व परिषद 11, एआरओ मुख्य निर्वाचन आयुक्त कार्यालय के लिए 2 और एआरओ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के लिए चार अभ्यर्थी चुने गए हैं।




