बाहरी राज्यों से आया कोरोना शहर से होते हुए सीधे गांव पहुंचा।

(विनय मिश्रा) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। बाहर प्रदेशों से आ रहे रेलवे यात्री जांच कराने के नाम पर उल्टे पांव भाग रहे हैं। प्रवासी। ट्रेन से उतरते ही सीधे अपना रास्ता नाप ले रहे हैं। स्वास्थ्यकर्मी चाहकर भी कुछ नहीं कर पा रहे। कोविड टेस्ट के सभी इंतजाम धरे रह जा रहे हैं। यात्रियों को यह नहीं मालूम कि ऐसा करके वह न सिर्फ अपने बल्कि पूरे परिवार के लिए खतरा मोल ले रहे हैं। महाराष्ट्र-दिल्ली से आया कोरोना शहर से होते हुए सीधे गांव पहुंच रहा है। शनिवार को मुंबई से आई ट्रेन से उतरे तो हजारों यात्री। लेकिन, जांच रजिस्टर में केवल कुछ लोगों के नाम ही दर्ज हो सके।
02293 मुंबई एलटीटी-प्रयागराज जंक्शन दुरंतो स्पेशल से शनिवार को दोपहर एक बजे प्रयागराज जंक्शन पहुंची। इस गाड़ी से आए 77 लोगों ने जांच कराई, जिनमें नौ संक्रमित मिले। करीब 1,200 यात्री जांच कराए बगैर निकल गए। शाम करीब 04:05 बजे एलटीटी-वाराणसी कामायनी एक्सप्रेस के यात्री भी जांच कराए बगैर निकल गए। दिल्ली से आने वाले यात्री भी जांच से कतराते रहे। सार्वजनिक स्थानों पर संक्रमितों के संपर्क में आने से पाजिटिव केस भी तेजी से बढ़ रहे हैं। नैनी के ईएसआइ अस्पताल, फाफामऊ के होम्योपैथिक कॉलेज व झूंसी के जीबी पंत इंस्टीट््यूट के सामने एसजेएस पब्लिक स्कूल में कोविड टेस्ट किया जा रहा है।
*जांच टीम से उलझ रहे यात्री*
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। जंक्शन पर पुल नंबर दो पर जांच टीम मुस्तैद है। उन्हें देखकर पार्सल घर के गेट के बगल से बैरीकेडिंग पार कर बाहर निकल रहे हैं। इसके अलावा दुरंतो से आई दो महिलाएं जांच टीम से उलझते हुए कहा कि वे टेस्ट नहीं कराएंगी। उनका कहना था कि सभी की जांच कराई जाए। अन्यथा अपनी इच्छा पर ही जांच कराएंगी। हालांकि बाद में वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने माहौल शांत कराया। इसके बाद वे चली गईं।



