Latest

कप्तान ने दीवान पर कोविड नियम का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया

( विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहर में हो रहे कोविड-19 की नियमों की गतिविधियों को लेकर आज डीआईजी/ एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी कोविड नियमों का पालन कराने को लेकर चेकिंग कर रहे थे। वह भीड़भाड़ वाले स्थान के अलावा विभिन्न चौराहों पर तैनात पुलिस फोर्स की मुस्तैदी और कोरोना से बचाव के उपाय को भी जांच परख रहे थे। एसएसपी सिविल लाइंस से चौक की तरफ जा रहे थे। तभी फायर ब्रिगेड चौराहे के पास रुक गए। उन्होंने देखा कि पीआरवी 99 में तैनात दीवान भगवत राय चेहरे से मास्क हटाकर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा है। इस पर उन्होंने भगवत राय को फटकार लगाते हुए कोविड नियम का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया।

*कोतवाली थाने में दीवान के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा*

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कप्तान के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने सिपाही भगवत राय के खिलाफ कोविड नियम का उल्लंघन करने के आरोप में धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इससे पहले दिन में भी आइजी केपी सिंह, एसएसपी और एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह सिविल लाइंस समेत कई इलाके में पहुंचकर मास्क न लगाने पर सख्त कार्रवाई करने, जुर्माना वसूल करने समेत अन्य कार्रवाई के निर्देश मातहतों को दिए थे। कार्यवाहक थानाध्यक्ष कोतवाली राकेश राय ने बताया कि सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

Related Articles

Back to top button