योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाय – राज्यमंत्री, नगर विकास
इलाहाबाद। राज्य मंत्री, नगर विकास, अभाव सहायता एवं पुनर्वास, उ.प्र. शासन गिरीश चन्द्र यादव अपने इलाहाबाद भ्रमण कार्यक्रम के अन्तर्गत आज सर्किट हाउस मे जल निगम, नगर निगम तथा सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों के साथ कार्यो की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया के द्वारा मंत्री को विभाग से सम्बन्धित कार्यो का विस्तार से जानकारी दी गयी।
सीवर कनेक्शन के कार्यो की समीक्षा करते हुए मा. मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीवर कनेक्शन के कार्यो को माह जून 2018 तक पूरा कर लिया जाय। मंत्री को बताया गया कि सीवर कनेक्शन के कार्यो में कुम्भ के कार्यो की प्राथमिकता दी जा रही है, तथा कार्यो को 30 जून 2018 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नगर आयुक्त ने बताया कि सीवर कनेक्शन के कार्यो के लिए हर लेवल पर अधिकारियों को तैनात किया गया है। मा. मंत्री ने कहा कि सीवर कनेक्शन के कार्यो में किसी प्रकार की हीलाहवाली या शिथिलता न बरती जाय।
राज्यमन्त्री ने स्ट्रीट लाइटो के बारे में जानकारी ली जिसमें उन्हें बताया गया कि 42000 स्ट्रीट लाइटे डाली जा चुकी है। उन्होंने शौचालय के कार्यो की प्रगति की समीक्षा की। जिसमे मा. मंत्री जी को बताया गया कि 168 सामुदायिक शौचालय क्रियाशील है तथा 23 निर्माणाधीन है। इसके साथ ही शौचालय के लिए अन्य उपयुक्त क्षेत्र का सर्वे किया गया जिसमे स्थलों को चिन्हित किया गया है। ओडीएफ के कार्यो की समीक्षा मंत्री के द्वारा की गयी। उन्होंने ओडीएफ के कार्यो की विस्तार से जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि ओडीएफ हो चुके क्षेत्रों को ओडीएफ प्लस के लिए तैयार किया जाय। उन्होंने साल्विड वेस्ट मैनेजमेंट के बारे में भी जानकारी ली। जिसमे उन्हे बताया गया कि साल्विड वेस्ट मेनेजमेंट विभिन्न माध्यमों से किया जा रहा है तथा कूडे का कलेक्शन डोर-टू-डोर किया जा रहा है।
राज्यमन्त्री मंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत दिये जाने वाले आवासो की प्रगति की जानकारी ली। जिसमें उन्हें बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। मा. मंत्री ने अधिकारियो को निर्देशित किया कि योजना के बारे मे लोगो को पूरी जानकारी दी जाये। उन्हें विभिन्न माध्यमों से यह बताया जाय कि योजना के माध्यम से कितने प्रकार के आवासों को दिया जा रहा है तथा योजना के अन्तर्गत आवास के लिए कितने रूपये का अनुदान दिया जा रहा है तथा शेष राशि को किस प्रकार से उन्हे दिया जाना, इस प्रकार की पूरी जानकारी लोगो तक पहुंचायी जाय। मा. मंत्री जी ने कहा कि आवासो को दिये जाने के कार्यो मे तेजी लायी जाय तथा पात्र लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभाविन्त किया जाय।
मंत्री जी ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित की जा रही कल्याणकारी योजनाओं को जमीनीस्तर तक पहुंचाये जाय तथा लोगों को योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी मिले इसके लिए विभिन्न माध्यमो से उन्हे सूचित भी किया जाय। योजनाओं के लाभ पात्र व्यक्तियों को देते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा में जोड़ने का कार्य किया जाय। मा. मंत्री ने कहा कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के साथ-साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होंने कहा कि दिये गये लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए

