कोरोना संक्रमण से जवानों के मूवमेंट पर रोक, प्रयागराज के सैन्य क्षेत्र में बाहरी लोगों के आवागमन पर रोक

(अनंत पांडेय) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना वायरस की दूसरी लहर बहुत घातक हो चुकी है। दिनों दिन इसका संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है। अब तक तमाम लोगों की मौत हो चुकी है। सेना में भी कोरोना का संक्रमण फैल चुका है। इसलिए सेना ने अब जवानों के मूवमेंट पर रोक लगा दी है। वही सभी के लिए डबल मास्क अनिवार्य कर दिया गया है। सेना क्षेत्र में लोगो का आवागमन लगभग रोक दिया गया है। कैंट क्षेत्र के केवल एक गेट को छोड़कर सभी को बंद कर दिया गया है। कोरोना का अब तक कोई सटीक इलाज नहीं मिला है। इससे बचाव का एक ही तरीका है कि फिजिकल डिस्टेंस बनाए रखें। हर कोई मास्क लगाए और सैनिटाइजर का इस्तेमाल करें। कोरोना की चेन तोडऩे के लिए घर में ही रहें। सेना ने भी इसका पालन करते हुए सैन्य क्षेत्र में सख्ती कर दी है। पूर्व यूपी एमपी सब एरिया मुख्यालय से सेना के जवानों का मूवमेंट रोक दिया गया है। यहां पर न्यू कैंट, ओल्ड कैंट और मध्य वायु कमान क्षेत्र में सैन्य कर्मियों के अलावा अन्य किसी के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। रक्षा विभाग के पीआरओ शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि कोरोना की चेन तोडऩे के लिए सैन्य कर्मियों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। जो जहां है, वहीं पर रहे। कोरोना का असर कम होने के बाद ही मूवमेंट होगा।



