कोरोना: 9430 जांच में मिले 27 संक्रमित
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोविड-19 का संक्रमण भले ही कम होने लगा है लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से रोज हजारों लोगों की जांच की जा रही है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर वे विभिन्न जगहों पर कुल 9430 लोगों की जांच कराई गई जिसमें सिर्फ 27 लोग ही कोरोना संक्रमित मिले। इससे पूर्व रविवार को कोरोना संक्रमित की संख्या 22 थी। अच्छी बात यह है कि लगातार तीसरे दिन कोरोना संक्रमण से किसी मरीज की जान नहीं गई।
कोविड के नोडल अफसर डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि सोमवार को 27 कोरोना संक्रमित मिले जिसमें चार की जांच एंटीजेन, 16 की आरटीपीसीआर और सात की जांच ट्रूनेट से हुई थी। वहीं कोरोना को मात देकर 05 मरीज अलग-अलग अस्पताल से डिस्चार्ज होकर अपने घर गए। इसके अलावा 16 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ। वहीं एंटीबॉडी जानने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुरू किए गए सीरो सर्विलांस अभियान का समापन रविवार को हो गया। तीन दिन तक चले इस अभियान के दौरान ग्रामीण इलाकों के साथ शहर के वार्ड नंबर चार के लोगों का भी सैंपल लिया गया। एसीएमओ डॉक्टर एके तिवारी के अनुसार ग्रामीण इलाकों में 720 लोगों का और शहर के 24 लोगों का सैंपल लिया गया। इन लोगों में एंटीबॉडी बनी है या नहीं, इसकी जांच के लिए लखनऊ स्थित लैब में ब्लड सैंपल भेजा गया है।



