Latest

सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष की विधिविधान से परिक्रमा करते हुए आस्था के कच्चे धागे लपेटकर अखंड सुहाग के फेरे लिए

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। गुरुवार को महिलाओं ने वट सावित्री व्रत रखा। सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष की विधिविधान से परिक्रमा करते हुए आस्था के कच्चे धागे लपेटकर अखंड सुहाग के फेरे लिए। थाली में पूजन सामग्री सजाकर वृक्ष पर जल, सिंदूर, अक्षत, चंदन, फल, पुष्प, हाथ वाला पंखा अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। व्रती महिलाओं ने भगवान विष्णु का पूजन कर सती सावित्री और सत्यवान की कथा सुनी। जरूरतमंदों को वस्त्र, अन्न और धन दान किया। व्रत को लेकर घरों में भोर से उत्साह रहा। सोलह शृंगार करके महिलाओं ने मोहल्ले के आसपास स्थित वट वृक्ष का सामूहिक रूप से पूजन किया। नवविवाहिताओं ने पहली बार व्रत रखा और सिर पर लाल चुनरी रखकर वट वृक्ष की 21, 51 या 108 बार परिक्रमा की। मान्यता है कि सती सावित्री ने यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राणों की रक्षा के लिए व्रत रखा था। साथ ही वट वृक्ष में भगवान विष्णु, शिव और ब्रह्मा का वास होता है। इस अवसर पर संगम क्षेत्र, परेड ग्राउंड, रामबाग, बैरहना, अल्लापुर, सिविल लाइंस, मीरापुर, दारागंज, तेलियरगंज, राजापुर, टैगोर टाउन, झूंसी और नैनी में बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धा, उल्लास से वट वृक्ष का पूजन किया।

Related Articles

Back to top button