Latest

उखड़ी सड़कें और धूल के गुबार से जीना हुआ मुहाल

( अनुराग शुक्ला )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । रात-दिन सड़क से उठ रहे धूल के गुबार से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। सांस रोगियों के लिए तो आफत आ गई है। एक ओर उनकी बीमारी में इजाफा हो रहा है तो दूसरी ओर इनकी संख्या भी बढ़ रही है। लेकिन अफसोस की बात है कि जिम्मेदार मौन हैं। इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।
मामला विवेकानंद मार्ग यानी हीवेट रोड का है। जानसन गंज चौराहे से लेकर सुंदरम टावर रामबाग तक सड़क की हालत काफी खराब है। रोड पर यातायात का दबाव भी अधिक है। दिन में इस मार्ग से बड़ी संख्या में छोटे-बड़े यात्री वाहन गुजरते हैं और रात में ट्रकों का आवागमन होता है। बड़ी संख्या में वाहनों के आवागमन के कारण पूरी सड़क उखड़ गई है। जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। ऐसी हालत में जब कोई वाहन गुजरता है तो बड़ी मात्रा में धूल उड़ती है। यह सिलसिला 24 घंटे चलता है। हर वक्त सड़क पर धुंध छाई रहती है। इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीर तो जैसे-तैसे निकल जाते हैं लेकिन स्थानीय लोगों और दुकानदारों को इसका खतरा झेलना पड़ रहा है। सड़क के किनारे की दुकानों में बैठना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक घर के बड़े बुजुर्गों को विशेष रूप से जिन्हें सांस की बीमारी है उनकी परेशानियां धूल के कारण बढ़ रही है। कितना भी कोशिश करके धूल से बच पाना मुश्किल हो रहा है। लोगों की नाराजगी इस बात से भी है कि पिछले पिछले साल ही बनी सड़क खराब गुणवत्ता के चलते पूरी तरह उखड़ गई। स्थानीय लोगों और व्यापारियों में इस बात से आक्रोश है कि लोग खराब सड़क के चलते परेशान हैं लेकिन कोई भी जिम्मेदार अब तक इस ओर ध्यान नहीं दिया। न जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर जा रहा और न अधिकारियों का।

Related Articles

Back to top button