Latest

कक्षा नौ से 12 तक में प्रवेश की तिथि तय

हाईस्कूल, इंटरमीडिएट में प्रवेश व परीक्षा शुल्क पांच अगस्त तक जमा होंगे

10वीं के लिए 500 और 12वीं कक्षा के लिए 600 रुपया परीक्षा शुल्क लगेगा

प्रयागराज ( अनुराग दर्शन समाचार )। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने वर्ष 2023 के सत्र के लिए कक्षा नौ से लेकर 12 तक में प्रवेश की समय सीमा निर्धारित कर दी है। प्रवेश की प्रक्रिया पांच अगस्त तक पूरी किए जाने के निर्देश यूपी बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने दिए हैैं। वर्ष 2023 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन पत्र परिषद की वेबसाइट पर आनलाइन अपलोड करने की समय सारिणी भी जारी कर दी गई है।प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैैं कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में प्रवेश और परीक्षा शुल्क जमा कराने की प्रक्रिया के बाद शुल्क को एकमुश्त चालान के माध्यम से 10 अगस्त तक कोषागार में जमा कराना होगा। इसकी सूचना 16 अगस्त की मध्यरात्रि तक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड की जानी है। 10 अगस्त के बाद परीक्षा शुल्क जमा करने वाले विद्यार्थियों से 100 रुपया विलंब शुल्क के साथ राशि 16 अगस्त तक कोषागार में जमा की जा सकेगी। इसकी सूचना वेबसाइट पर 20 तक अपलोड करनी होगी। हाईस्कूल में परीक्षा शुल्क 500 और इंटमीडिएट में 600 रुपया तय किया गया है। सचिव ने बताया है कि 21 से 31 अगस्त के बीच छात्र-छात्राओं के विवरणों को चेक करने का कार्य विद्यालय द्वारा किया जाएगा, लेकिन कुछ अपडेट नहीं किया जा सकेगा। संशोधन कार्य एक सितंबर से 10 सितंबर के मध्य किए जा सकेंगे। पंजीकृत अभ्यर्थियों की फोटोयुक्त नामावली व कोषपत्र की एक प्रति परिषद के क्षेत्रीय कार्यालयों के लिए डीआइओएस कार्यालय में 30 सितंबर तक जमा करनी होगी। इसके अलावा हाईस्कूल कंपार्टमेंट परीक्षा उत्तीर्ण एवं सन्निरीक्षा के फलस्वरूप हाईस्कूल परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के कक्षा-11 में प्रवेश 20 अगस्त तक होंगे।

*कक्षा नौ व 11 में पंजीकरण शुल्क 50 रुपया*

कक्षा नौ व 11 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण शुल्क 50 रुपया एकमुश्त कोषागार में जमा करने की सूचना के साथ विद्यार्थियों का शैक्षिक विवरण वेबसाइट पर 25 अगस्त तक अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैैं। 26 अगस्त से पांच सितंबर तक विद्यार्थियों के विवरण चेक किए जा सकेंगे। संशोधन कार्य छह से 20 सितंबर तक होंगे। फोटोयुक्त नामावली 30 सितंबर तक डीआइओएस कार्यालय में जमा किया जाना है।

Related Articles

Back to top button