मंडप में दूल्हा नहीं गिन सका नोट तो दुल्हन ने शादी करने से किया इंकार

इलाहाबाद। बिहार के छपरा के अमनौर में मंदबुद्धि दूल्हा देखकर दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया हालांकि वर पक्ष ने दुल्हन को मनाने की भरसक कोशिश की लेकिन दुल्हन तैयार नहीं हुई और बारात वापस लौट गई. अमनौर हरनारायण पंचायत अविस्थित डोमन छपरा गांव में सकलदेव राय की पुत्री राधा कुमारी की शादी दानापुर के हेतनपुर गांव के रामशंकर राय के पुत्र अरविन्द कुमार से तय हुई थी. शनिवार को अमनौर में वर पक्ष वाले बारात लेकर आए थे.
धूमधाम से द्वार पूजा की रस्म हुई. इसी दौरान लड़की को भनक लग गई की लड़का देखने में मंद बुद्धि जैसा दिख रहा है. महिलाओं ने दूल्हे को आंगन में बुलाकर नोट देकर गिनती करने को कहा लेकिन दूल्हे के गलत गिनती पर सभी भड़क गए और लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया.
दोनों तरफ से मान मनौवल होने लगा. समझौते के बाद भी बात नहीं बनी तो सुबह होते ही दोनों तरफ से मुखिया और सरपंच की उपस्थिति में पंचायती हुई और वर पक्ष वाले अपना गहना लेकर तिलक के समान लौटाया तथा बगैर दुल्हन के दूल्हा बैरंग वापस लौट गया.
इसके पश्चात लड़की की शादी दूसरे दिन रविवार के दिन में जनप्रतिनिधि कई गण्यमान व ग्रामीणों की मौजूदगी में मांगलिक गीत के साथ दूसरे लड़के के साथ सम्पन्न हुई. मढौरा थाना क्षेत्र के सिहोरिया गांव के झूलन राय के पुत्र अजय राय के साथ राधा ने सात फेरे लिये. स्थानीय लोग इस पूरे घटना को महिला सशक्तिकरण से जुड़कर देख रहे हैं.



