डाट पुल आज से 3 माह के लिए बन्द, बढ़ेगी यातायात की समस्या

इलाहाबाद : सोमवार से रामबाग डॉट पुल तीन महीने के लिए बंद हो जाएगा। इससे सीएमपी और निरंजन डॉट का पुल पर टै्रफिक का दबाव बढ़ने की उम्मीद है। इससे शहर के दूसरे क्षेत्रों में भी जाम की समस्या हो सकती है।

सोमवार से रामबाग में रेलवे लाइन के ऊपर से आरओबी का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। पहले फाउंडेशन की पाइलिंग शुरू होगी। इस दौरान वहां गाड़ियों का आवागमन संभव नहीं होगा, इसलिए रेलवे ने ब्लॉक लिया है।

उल्लेखनीय है कि पांच महीने पहले जब रेलवे ने सीएमपी डॉट का पुल, सोहबतियाबाग डॉट का पुल और अल्लापुर डॉट का पुल के दोहरीकरण के लिए ब्लॉक लिया था, तब शहरियों को 25 दिन तक जबर्दस्त जाम से जूझना पड़ा था। वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। जबकि साइकिल सवार और पैदल लोग रेलवे लाइनों को पार करते हुए आ-जा रहे थे। कमोवेश, इसी तरह की स्थिति रामबाग डॉट पुल के बंद होने से भी होगी। रामबाग नहीं, बैरहना और जानसेनगंज होकर जाएं

जी हां। यदि आप सोमवार सुबह से रामबाग रेलवे क्रासिंग होकर कहीं आना-जाना चाहते हैं तो उसके लिए दूसरा रास्ता अपनाएं। अगर आप रामबाग होकर ही जाते हैं तो आप को परेशान होना पड़ेगा।
दरअसल, रामबाग रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे की ओर से रेल ओवर ब्रिज बनवाया जा रहा है। इसके चलते उधर से लोगों और वाहनों की आवाजाही रविवार देर रात रोक दी गई। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों की सुविधा के लिए ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। इसके तहत पुराने शहर से सिविल लाइंस और सिविल लाइंस से पुराने शहर की तरफ जाने के लिए निरंजन सिनेमा होते हुए जानसेनगंज और कीडगंज बैरहना होकर वाहन आ-जा सकेंगे। रामबाग की तरफ जाने वाले सभी वाहन सीएमपी डिग्री कॉलेज और बैरहना होकर जाएंगे। सिविल लाइंस की तरफ से निरंजन डॉट पुल होते हुए जानसेनगंज होकर जाएंगे। प्रभारी टीआइ विलास यादव ने बताया कि सुगम और सुरक्षित यातायात के लिए जरूरी स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। कहीं भी जाम न लगे इसके लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।


