इलाहाबाद समाचार

वकील की हत्या के बाद हटाए गए आकाश कुलहरि, नितिन तिवारी बने नए एसएसपी

इलाहाबाद ।वकील की गोली मारकर हत्या के मामले में शुक्रवार को योगी सरकार ने बढ़ते अपराध पर रोक लगाने में नाकाम एसएसपी आकाश कुलहरि को हटा दिया है. उनकी जगह नितिन तिवारी को इलाहाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है. बता दें कि इलाहाबाद में पिछले तीन महीनों में 46 लोगों की हत्‍याएं हुई हैं, बावजूद इसके पुलिस प्रशासन अपराध रोकने में नाकाम रहा है. वहीं घटना के विरोध में आज हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने एक दिन की हड़ताल की है. बार एसोसिएशन ने अधिवक्‍ता के हत्‍यारों की जल्‍द गिरफ्तार करने की मांग की है.

उधर वकील राजेश श्रीवास्तव की हत्या मामले में योगी सरकार ने मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपए मुआवजे का एलान किया है. प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह ने ये जानकारी दी. वहीं मामले में सियासत भी तेज हो गई है. सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस घटना पर योगी सरकार को घेरा है.

 

तबादला सूची

बता दें, गुरुवार को कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मनमोहन पार्क के पास कचहरी जा रहे अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या से नाराज वकीलों ने पहले सड़क पर शव रखकर जाम लगाया और कचहरी में खराब कानून-व्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी कर बवाल काटा. साथी वकील की हत्या से नाराज वकीलों ने एक बोलेरो गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया.

बदमाशों ने वकील को उस वक्त गोली मारी जब वो रोज की तरह जनपद न्यायालय जा रहे थे. गोली लगने से घायल वकील को जब तक उनके साथी हॉस्पिटल ले जाते उनकी मौत हो चुकी थी. घटना कर्नलगंज थाना क्षेत्र के मनमोहन पार्क के पास हुई. हालांकि, अधिवक्ता को किसने और क्यों गोली मारी इसका पता नहीं चल सका है. फिलहाल पुलिस इस बात का पता लगाने में जुट गई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button