प्रदेश

यूपी बोर्ड: टैगोर-राधाकृष्णन की रचनाएं नहीं पढ़ेंगे 12वीं के छात्र

( विनय मिश्रा )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । यूपी बोर्ड इंटर के छात्र इस सत्र से नोबल पुरस्कार विजेता साहित्यकार रविन्द्रनाथ टैगोर और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एस. राधाकृष्णन की लिखी रचनाएं नहीं पढ़ेंगे। बोर्ड ने इस साल से 10वीं और 12वीं अंग्रेजी में एनसीईआरटी का कोर्स लागू कर दिया है। 12वीं में टैगोर की कहानी द होम कमिंग, डॉ. एस. राधाकृष्णन का निबंध द वुमेन्स एजूकेशन, एएल बाशम का द हेरिटेज ऑफ इंडिया आदि पाठ हटा दिए गए हैं।
12वीं में ही आरके नारायणन की कहानी एन एस्ट्रोलाजर्स डे व मुल्क राज आनंद की कहानी द लॉस्ट चाइल्ड कोर्स से हटाई गई है। जॉन मिल्टन व पीबी शेली जैसे बड़े कवि भी 1 नहीं पढ़ाए जाएंगे। 10वीं में सरोजनी नायडू की कविता द विलेज सॉन्ग हटा दी गई है। 10वीं के प्रोज में सी. राजगोपालाचारी, डब्ल्यूएम रायबर्न तथा आर. श्रीनिवासन के पाठ भी हटाए गए हैं।
यूपी बोर्ड के 12वीं में व्याकरण को छोड़कर चार किताबें थीं लेकिन अब एनसीईआरटी का कोर्स लागू होने पर दो किताबें फ्लेमिंगो व विस्टास पढ़ाई जाएगी। वहीं, हाईस्कूल में पहले भी दो किताबें थीं, अब भी दो किताबें ‘फर्स्ट फ्लाइट’ तथा ‘फुटप्रिंट्स विदाउट फीट’ पढ़ाई जाएगी।
फ्लेमिंगो में अनीस जंग की लास्ट स्प्रिंग, विलियम डगलस का डीप वाटर तथा लुइस फिशर का ‘इंडिगो’ जो ‘द लाइफ ऑफ महात्मा गांधी’ से लिया गया है, जैसे पाठ पढ़ाए जाएंगे। पोएट्री में कमला दास, पाब्लो नेरुदा और जॉन कीट्स की कविताएं पढ़ाई जाएंगी। विस्टास सप्लीमेंट्री में पर्ल एस. बक का ‘द एनमी’, तिशानी दोषी, जॉन अपडाइक तथा काल्की जैसे लेखकों के पाठ शामिल किए गए हैं।
10वीं में फर्स्ट फ्लाइट के प्रोज सेक्शन में अफ्रीका के राष्ट्रपति रहे नेल्सन मंडेला, एन. फ्रैंक तथा एंटन चेखोव को पढ़ाया जाएगा। पोएट्री सेक्शन में रॉबर्ट फ्रॉस्ट, वाट व्हिटमैन तथा विलियम बटलर येट्स कवियों को शामिल किया है। सप्लीमेंट्री बुक में रस्किन बॉन्ड, राबर्ट आर्थर, एचजी वेल्स तथा केए अब्बास की रचनाएं पढ़ाई जाएंगी।

Related Articles

Back to top button