UP: माँ दुर्गा की प्रतिमाएं पहुंची पूजा पंडाल

( विनय कुमार मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शारदीय नवरात्र की पंचमी तिथि पर बुधवार को मां दुर्गा बच्चों के संग मायके (पूजा पंडाल) पहुंच गई। बंगाली समुदाय के लोगों ने बोधन (देवलोक से मां के आगमन) की खुशी मनाई।
ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करके ‘जय मां दुर्गा, मां भगवती की जय’ का जयकारा लगाते हुए स्वागत किया। मंत्रोच्चार के बीच पान व सुपाड़ी से मां की नजर उतारी गई।
बेल की डालियों को 11 बार घुमाकर पूजन हुआ। गुरुवार को षष्ठी तिथि पर मां का आमंत्रण किया जाएगा। कोरोना संक्रमण की भयावह स्थिति के कारण इस बार दुर्गा पूजा सिर्फ परंपरा के निर्वहन के लिए सादगी से हो रही है।
शहर में गोविंदपुर, लूकरगंज, कर्नलगंज, सोहबतियाबाग, दारागंज, लूकरगंज, साउथ मलाका, राजरूपपुर, बहादुरगंज कीडगंज अशोकनगर, नया कटरा आदि मोहल्लों में पंडाल लगाकर मां दुर्गा की पांच फिट या उससे छोटी प्रतिमा स्थापित की गई है।
जबकि सिविल लाइंस, जार्जटाउन, शाहगंज, शास्त्रीनगर आदि बारवारियां परंपरा के निर्वहन के लिए सिर्फ घट पूजा करवा रही हैं।



