सपा राज्यसभा सदस्य का आरोप-मोदी सरकार ने गंगा को कैद कर लिया
इलाहाबाद। केंद्र की मोदी सरकार ने गंगा को कैद कर लिया है। बांध के चलते गंगा की अविरलता खत्म हो गई है, वह सुरंग से गुजरती हैं, जिससे प्रदूषण निरंतर बढ़ रहा है। गंगा का जल आज आचमन करने योग्य नहीं है। केंद्र सरकार पर यह आरोप लगाया है समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य कुं. रेवतीरमण सिंह ने।
वह गंगा की अविरलता को लेकर गुरुवार को बांध स्थित देवरहा बाबा आश्रम के पास आयोजित धरना का नेतृत्व कर रहे थे। कहा कि देश के 65 करोड़ से अधिक लोगों की जीवनदायनी गंगा स्वयं के जीवन को संघर्ष कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि ‘नमामि गंगे’ परियोजना से गंगा निर्मल नहीं होंगी। बांध हटाकर अविरल करने पर ही गंगा निर्मल होंगी। बताया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्रियों से मुलाकात करके गंगा में बन रहे बांधों को रोकने की मांग कर चुके हैं। लेकिन उसका कोई परिणाम नहीं निकला।

स्थिति यह है कि गंगा स्वच्छता के नाम पर हजारों करोड़ खर्च हो गए, लेकिन उनकी दशा में कोई सुधार नहीं हुआ। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष केके श्रीवास्तव ने कहा कि गंगा की निर्मलता को व्यापक आंदोलन छेड़ना होगा।
अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सै. इफ्तेखार हुसैन व संचालन योगेश यादव ने किया। इस दौरान दुर्गा गुप्त, जोखूलाल यादव, विनय कुशवाहा, हरिओम साहू ,बृजेश केसरवानी,प्रभात कुमार लल्लन राय, डॉ. निसार अहमद, मंजू यादव, लालता प्रसाद निषाद, राम मिलन यादव, कुमार नारायण, भोलानाथ गुप्त, दानबहादुर मधुर, महेंद्र निषाद, गुलाब सिंह यादव, सुधा यादव, दिग्विजय सिंह मौजूद रहे।




