सीबीएसई के छात्र करेंगे वर्चुअल प्रैक्टिकल, यूपी बोर्ड का पता नहीं

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। कोरोना महामारी देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 12वीं के छूटे हुए छात्र-छात्राओं के लिए प्रोजेक्ट और प्रैक्टिकल ऑनलाइन माध्यम से कराने के निर्देश दिए हैं। लेकिन यूपी बोर्ड अब तक इंटर के उन परीक्षार्थियों के विषय में निर्णय नहीं ले सका है जो किन्हीं कारणों से प्रायोगिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे।
स्कूल बंद होने के कारण प्रैक्टिकल के बाद ग्रुप फोटोग्राफ लेना संभव नहीं है। इसलिए सीबीएसई ने स्कूलों को ऑनलाइन प्रैक्टिकल के दौरान बच्चों, इंटरनल और एक्सर्टनल एग्जामिनर की ऑन-स्क्रीन फोटो लेने के निर्देश दिए हैं। पूरे सत्र की रिकॉर्डिंग भी कर सकते हैं। हालांकि फोटो अपलोड करने की प्रक्रिया स्थगित रखी गई है। स्कूलों को 28 जून तक प्रोजेक्ट और प्रैक्टिकल के अंक अपलोड करने का मौका दिया गया है।
वहीं, यूपी बोर्ड ने 3 से 22 फरवरी तक दो चरणों में प्रायोगिक परीक्षाएं कराई थीं। लेकिन इस दौरान हजारों की संख्या में बच्चे प्रायोगिक परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। इनके लिए मार्च अंत में परीक्षाएं संभावित थीं लेकिन यूपी बोर्ड अब तक इन छूटे हुए बच्चों के संबंध में कोई निर्णय नहीं ले सका है। बीबीएस इंटर कॉलेज शिवकुटी के प्रबंधक रंजीत सिंह का कहना है कि छूटे हुए बच्चों की प्रायोगिक परीक्षा अब तक हो जानी चाहिए थी लेकिन बोर्ड से कोई गाइडलाइन नहीं मिली है।




