सितंबर के अंतिम सप्ताह से पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं

( विनय मिश्रा )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में परास्नातक अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं सितंबर के आखिरी सप्ताह से कराने की तैयारी चल रही है। क्योंकि 23 सितंबर को दीक्षांत समारोह प्रस्तावित है। इसके बाद ही परीक्षाएं ऑनलाइन मोड में शुरू होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जल्द वेबसाइट पर परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में परास्नातक अंतिम सेमेस्टर के तकरीबन दस हजार छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा मई में ही हो जानी चाहिए थी, लेकिन कोरोना के चलते परीक्षा समय से नहीं कराई जा सकी। इविवि प्रशासन ने कोविड के मद्देनजर स्नातक प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्र-छात्राओं को बिना परीक्षा प्रमोट कर दिया। साथ ही विभिन्न सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को भी बिना परीक्षा प्रमोट किया गया, लेकिन अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा कराने का निर्णय लिया गया। सूत्रों की मानें तो पीजी अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं सितंबर के आखिर सप्ताह से कराने की तैयारी है। अगले सप्ताह तक परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। उम्मीद है कि अक्तूबर के पहले सप्ताह में परीक्षाएं पूरी करा ली जाएं।




