आशीष और शैलेंद्र का शतक, सैफ का बहुमुखी खेल

हाईकोर्ट प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट में एचसी अचीवर और एचआरएस ने जीते मैच
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। आशीष सिंह के शतक (102 नाबाद, 50 गेंद, 15 चौके, तीन छक्के) की मदद से एचसी अचीवर ने जेएसपीएस को नौ विकेट और सैफ अहमद के बहुमुखी खेल (54 रन एवं दो विकेट) से एचआरएस ने एडवोकेट एसोसिएशन को 34 रन से हराकर हाईकोर्ट प्रीमियर लीग टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में पूरे अंक जुटाये। जेएसपीएस के शैलेंद्र सिंह का शतकीय प्रयास (113 नाबाद, 67 गेंद, सात चौके, छह छक्के) अर्थहीन सिद्ध हुआ।
गवर्नमेंट प्रेस मैदान पर शुक्रवार से शुरू हुई प्रतियोगिता में जेएसपीएस ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 176 रन (शैलेंद्र सिंह 113 नाबाद, संदीप राय 21, आशुतोष तिवारी 3/29) बनाये। जवाब में एचसी अचीवर ने 15.5 ओवर में एक विकेट पर 177 रन (आशीष सिंह 102 नाबाद, प्रदीप राय 50, यश टंडन 1/24) बना लिये।
इससे पहले सुबह हुए मैच में एचआरएस ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 154 रन (सैफ अहमद 54, देवेश सोनकर 35, कौशल सोनकर 25, कार्तिकेय शरण तीन, अमित सिंह, सौरभ राज, मयंक सिंह एक-एक विकेट) बनाये। जवाब में एडवोकेट एसोसिएशन की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 120 रन (श्रीश चंद्रा 30, श्रेष्ठ यादव 29, संतोष कुमार 24, अमित सिंह 20, सैफ अहमद दो, हिमांशु एक विकेट) ही बना सकी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अपर मुख्य स्थायी अधिवक्ता शशि प्रकाश सिंह ने किया। इस मौके पर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष प्रमोद सिंह, प्रतियोगिता अध्यक्ष त्रिपुरेश सिंह, आयोजन सचिव अजय कुमार पांडेय, अंशुमान विधु चंद्रा, मुकेश सिंह, गौरव तिवारी और गिरीश सिंह उपस्थित रहे।



