कौशाम्बी में बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा अमरूद विकास सेंटर

(विनय मिश्रा ) प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। प्रयागराज मंडल में यूपी का सबसे बड़ा अमरूद विकास सेंटर बनाया जाएगा। सेंटर बनाने के लिए मंडल के कौशाम्बी जनपद का चयन किया गया है। 10 हेक्टेयर में अत्याधुनिक अमरूद विकास सेंटर दस करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। 50 लाख रुपये का बजट मंजूर किया जा चुका है। 2023 तक सेंटर बनकर तैयार होगा। कौशाम्बी के कोखराज थाना क्षेत्र में नेशनल हाई-वे के बगल सेंटर का निर्माण इजरायली तकनीक से किया जाएगा। इस सेंटर में देश के सभी वैरायटी के अमरूद के पेड़ उपलब्ध होंगे। सेंटर में किसानों के लिए प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की जाएगी। सेंटर के निर्माण और देखरेख की जिम्मेदारी औद्यानिक प्रयोग प्रशिक्षण केंद्र खुसरोबाग की होगी। खुसरोबाग के मुख्य उद्यान विशेषज्ञ कृष्ण मोहन चौधरी इसकी मॉनीटरिंग करेंगे।
अमरूद विकास सेंटर का निर्माण इजराइल की मदद से किया जाएगा। इसमें भारतीय वैज्ञानिकों के अलावा इजराइल के कृषि वैज्ञानिक प्रशिक्षण और सुझाव भी देंगे। सेंटर में किसानों को बेहतर पैदावार की बारीकियां बताई जाएंगी। देश के अलग-अलग राज्यों से सेंटर में किसान आएंगे। उनके रुकने का भी यहां इंतजाम रहेगा। मुख्य उद्यान विशेषज्ञ खुसरोबाग कृष्ण मोहन चौधरी ने बताया कि अमरूद को बढ़ावा देने के लिए विकास सेंटर बनाया जा रहा है। जमीन चिन्हित कर ली गई है। 50 लाख का बजट मिल गया है। दस करोड़ में निर्माण होगा। दो वर्ष में सेंटर बनकर तैयार हो जाएगा।


