जांच के बाद सीबीआई टीम दिल्ली रवाना कुछ अधिकारियों को पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया यूपीपीएससी: परीक्षाओं व रिजल्ट में गड़बड़ी का मामला

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षाओं और उसके रिजल्ट में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ जल्द कार्रवाई हो सकती है। पिछले लगभग एक सप्ताह तक सीबीआई की जांच टीम आयोग दफ्तर में जमी रही। आयोग के पूर्व सचिव, पूर्व परीक्षा नियंत्रक, अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ करके सीबीआई की टीम दिल्ली रवाना हो गई। सीबीआई टीम ने दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय पर आयोग के कई अधिकारी व कर्मचारियों को तलब किया है।
सीबीआई ने 2012 से 2017 तक आयोग में कार्यरत रहे उन अधिकारियों व कर्मचारियों का ब्योरा तैयार किया है जो अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं। इसमें संदिग्ध भूमिका वालों को नोटिस देकर दिल्ली स्थित मुख्यालय तलब किया गया है। सीबीआइ को आयोग द्वारा आयोजित वर्ष 2012 से 2017 तक की करीब 550 परीक्षाओं व जारी रिजल्ट की जांच करनी है। इसके मद्देनजर सीबीआइ की तीन सदस्यीय टीम सात सितंबर सोमवार को प्रयागराज आयी थी।
पहले दिन आयोग आकर पूर्व परीक्षा नियंत्रक से पूछताछ की गई। पूछताछ का सिलसिला शनिवार की शाम तक चला। पूर्व परीक्षा नियंत्रक व पूर्व सचिव से लगातार पूछताछ हुई। पीसीएस-2013, 2014, 2015 व आरओ-एआरओ 2013 व 2014 में हुई गड़बड़ी के संदर्भ में आयोग के पूर्व परीक्षा नियंत्रक व पूर्व सचिव से लंबी पूछताछ चली। वहीं, आयोग के करीब आठ अपर निजी सचिवों से पूछताछ करके जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। साथ ही पीसीएस-2015 बैच में चयनित एक एसडीएम से कैंप कार्यालय पर पांच घंटे तक पूछताछ हुई। वहीं, आयोग के 10 से अधिक कर्मचारियों को नोटिस देकर दिल्ली बुलाया गया है। इसके अलावा एपीएस-2010 की परीक्षा कराने वाले लगभग 20 अधिकारियों, कर्मचारियों को नोटिस देकर दिल्ली तलब किया गया है। एपीएस संघ के पूर्व अध्यक्ष को भी तलब करने की तैयारी है। सूत्रों के अनुसार एपीएस-2010 के मामले में सीबीआई जल्द एफआईआर दर्ज करा सकती है।

