इलाहाबाद: फर्जी बाबाओं की आज होगी चौथी लिस्ट जारी

इलाहाबाद। इलाहाबाद में सोमवार को अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की बैठक शुरु हो चुकी है. बैठक में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष और महामंत्री के साथ ही दूसरों अखाड़ों के प्रतिनिधि शामिल हैं. अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि ने बताया कि बैठक में फर्जी बाबाओं के नाम पर सभी अखाड़ों की सहमति बनी तो उनके नाम सार्वजनिक करते हुये फर्जी बाबाओं की चौथी लिस्ट जारी की जा सकती है. इसके अलावा निर्मल अखाड़ा में शुरु हो चुकी बैठक में कुंभ 2019 के कार्यों को लेकर चर्चा होगी.

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही शहर में कुंभ को लेकर होने वाले विकास कार्यों पर चर्चा की जायेगी, साथ ही कुंभ को लेकर अखाड़ों के स्थायी निर्माण को लेकर चर्चा होगी. वहीं इस बैठक में फर्जी बाबाओं के मुद्दे पर भी चर्चा होगी. बता दें कि अखाड़ा परिषद इससे पहले दो और लिस्ट जारी कर कई बाबाओं में फर्जी घोषित कर चुका है. शुक्रवार को इसी क्रम में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने तीसरी लिस्ट जारी की.
इस लिस्ट में अखिल भारत हिंदू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी चक्रपाणि महाराज और श्री कल्कि फाउंडेशन के संस्थापक और कांग्रेस के सदस्य आचार्य प्रमोद कृष्णम को फर्जी बाबा बताया गया था. अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद ने कहा कि दोनों बाबा किसी संन्यासी परंपरा से नहीं आते. इस बैठक में कुम्भ को लेकर भी प्रस्ताव पास किए गए.
इससे पहले पिछले साल सितम्बर में भी अखाड़ा परिषद ने फर्जी बाबाओं की पहली सूची जारी की थी. इस लिस्ट में 14 फर्जी बाबाओं के नाम शामिल थे. परिषद ने संत आसाराम, राधे मां, सच्चिदानंद गिरि, गुरमीत राम रहीम, निर्मल बाबा, इच्छाधारी भीमानंद, असीमानंद और नारायण साईं, रामपाल, आचार्य कुशमुनि, वृहस्पति गिरि, मलखान सिंह के नामों को फर्जी बाबाओं की लिस्ट में शामिल किया था.
फर्जी बाबाओं की दूसरी सूची में हाल में ही सुर्खियों में आए दिल्ली के वीरेंद्र देव दीक्षित, बस्ती के सच्चिदानंद सरस्वती और इलाहाबाद की महिला संत और परी अखाड़े की स्वयंभू महामंडलेश्वर त्रिकाल भवंता के नाम शामिल थे. इसके साथ ही राजस्थान अलवर के फलाहारी बाबा को भी अखाड़ा परिषद ने निलम्बित किया था.



