डिग्री कॉलेजों में 273 प्रवक्ता का चयन उशिसेः समाजशास्त्र विषय का परिणाम घोषित
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार) । लंबे इंतजार के बाद उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (उशिसे) ने समाजशास्त्र विषय के असिस्टेंट प्रोफेसर पद का परिणाम घोषित कर दिया है। सूबे के सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों में इस विषय के 273 पदों के लिए चयन किया गया है।
273 में 167 पद सामान्य के लिए थे, जिनमें 42 पद महिलाओं के थे। ओबीसी के 63 में से 22 पद महिलाओं के तो एससी के 43 में से 11 पद महिलाओं के लिए आरक्षित थे। सचिव डॉ. वंदना त्रिपाठी ने बताया कि रिजल्ट का ब्योरा आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है।
इन 273 पदों के लिए हुई लिखित परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों में से 1410 को इंटरव्यू के लिए सफल किया गया था। इनका इंटरव्यू 13 नवंबर 2019 से शुरू होकर आठ फरवरी 2020 तक चला। परिणाम घोषित होता, इससे पूर्व इंटरव्यू में न बुलाए जाने से असंतुष्ट चार अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी थी।
हाईकोर्ट ने इनकी याचिकाओं का निस्तारण करते हुए इन्हें इंटरव्यू में शामिल कर इंटरव्यू करवाने के बाद परिणाम घोषित करने के आदेश 17 जून को दिए थे।
हाईकोर्ट के आदेश पर चारों अभ्यर्थियों का इंटरव्यू गुरुवार को करवाया गया। इसके बाद हुई आयोग की बैठक में परिणाम को अनुमोदित कर इसे जारी किया गया।
सचिव वंदना त्रिपाठी ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर शामिल हुए अभ्यर्थियों समेत कुल 1278 अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू दिए। इनमें से 273 को अंतिम तौर पर चयनित किया गया है।
बता दें कि आयोग ने विज्ञापन संख्या 47 के तहत प्रदेश के सहायता प्राप्त डिग्री कॉलेजों में रिक्त 35 विषयों के 1150 असिस्टेंट प्रोफेसर की चयन प्रक्रिया जून 2016 में प्रारंभ की थी।
इस भर्ती में सर्वाधिक 273 पद समाजशास्त्र में थे। इस विषय का परिणाम घोषित होने के साथ ही अब विज्ञापन संख्या में मात्र एक विषय शारीरिक शिक्षा का परिणाम ही शेष रह गया है।
जिसका इंटरव्यू भी हो चुका है लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने परिणाम घोषित करने पर रोक लगाई है इसलिए परिणाम घोषित करने के बजाए सील बंद लिफाफे में सुप्रीम कोर्ट को भेजा जाना है।


