षोडसी के दौरान बलबीर गिरि का होगा पट्टाभिषेक
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। महंत नरेंद्र गिरि के उत्तराधिकारी को लेकर बना सस्पेंस समाप्त हो गया है। बलबीर गिरि ही महंत नरेंद्र गिरि के उत्तराधिकारी होंगे। पांच अक्तूबर को बलबीर गिरि का पट्टाभिषेक होगा। इसी दिन महंत नरेंद्र गिरि की षोडषी होगी।
निरंजनी अखाड़े के पंच परमेश्वर ने मंगलवार को बैठक कर बलबीर गिरि को मठ बाघंबरी गद्दी का पीठाधीश्वर व संगम क्षेत्र स्थित बड़े हनुमान मंदिर का प्रमुख आचार्य बनाने पर सहमति दे दी। महंत नरेंद्र गिरि का उत्तराधिकारी बनाने को लेकर अखाड़े के पंच परमेश्वर श्रीमहंत केशवपुरी, श्रीमंहत राजे गिरि, श्रीमहंत नरेश गिरि और श्रीमहंत ओंकार गिरि ने मठ बाघंबरी गिरि में मंथन किया। पंच परमेश्वर ने बलबीर गिरि को महंत नरेंद्र गिरि का उत्तराधिकारी बनाने का सर्वसम्मत्ति से निर्णय लिया। निरंजनी अखाड़े के सचिव रविंद्र पुरी ने बताया कि बैठक के बाद पंच परमेश्वर ने देशभर के श्रीमहंत और महंतों से बात की। सभी ने बलबीर गिरि की पट्टाभिषेक की अनुमति प्रदान कर दी। अखाड़े के सचिव ने बताया कि पांच अक्तूबर को ही महंत नरेंद्र गिरि की षोडषी होगी। षोडसी के दौरान बलबीर गिरि का पट्टाभिषेक होगा।



