सीबीआई आनंद गिरि से संपर्क रखने वाले संतों, प्रॉपर्टी डीलरों और कारोबारियों से भी करेगी पूछताछ

हरिद्वार (अनुराग दर्शन समाचार )। सीबीआइ की टीम शाम करीब सवा पांच बजे आनंद गिरि को लेकर यहां जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंची। यहां से टीम ने आनंद गिरि के हरिद्वार स्थित आश्रम का रुख किया। बगैर नक्शा पास कराने के आरोप में हरिद्वार विकास प्राधिकरण ने पिछले दिनों इस आश्रम को सील कर दिया था। सीबीआइ टीम के कहने पर प्राधिकरण स्टाफ ने आश्रम की सील खोली। सीबीआइ टीम ने आश्रम को मुआयना किया और इसके बाद करीब दो घंटे तक आनंद गिरि से पूछताछ की। आश्रम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। बताया गया कि यहां से टीम आनंद गिरि को लेकर हरिद्वार के मायापुर स्थित निरंजनी अखाड़े में भी जाएगी। हालांकि सीबीआइ टीम आधिकारिक तौर पर कुछ भी बोलने से बचती रही। सूत्रों के अनुसार सीबीआइ आनंद गिरि से संपर्क रखने वाले कुछ और संतों, प्रॉपर्टी डीलरों और कारोबारियों से भी पूछताछ कर सकती है। इस दौरान आश्रम के आसपास पुलिस बल तैनात रहा।
*हरिद्वार आश्रम में सेवादारों से पूछताछ*
इससे पहले सीबीआइ की देहरादून टीम ने आनंद गिरि के आश्रम पहुंचकर सेवादारों से पूछताछ की। सेवादारों से जानकारी हासिल की कि आश्रम में कौन-कौन लोग आते थे। उनकी गतिविधियां क्या रहती थी। आनंद गिरि कब से इस आश्रम में रह रहे थे, कब लौटे और यहां उनकी दिनचर्या क्या रहती थी। आनंद गिरि के इस आश्रम से 20 सितंबर को सीसीटीवी की डीवीआर चोरी हो गई थी। सीबीआइ टीम ने इसके बारे में भी जानकारी जुटाई। यह भी आशंका जताई जा रही है कि कोई सुबूत मिटाने के लिए साजिशन तो ऐसा नहीं करवाया गया। आनंद गिरि के आश्रम के सीसीटीवी कैमरों और उससे संबंधित डीवीआर में कई राज छिपे हो सकते हैं। आनंद गिरि से मिलने आने-जाने वालों लोगों का राज छिपा हो सकता है।



