हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी चुनाव में 12 हजार सदस्य हिस्सा लेंगे
प्रयागराज जनपद में पोस्टर बैनर आदि लगाने पर रोक लगाई
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) । एक दिसंबर को होने वाले हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी चुनाव को लेकर एल्डर कमेटी ने कहा कि छह हजार आजीवन सदस्य सहित लगभग 12 हजार सदस्य इसमें हिस्सा लेंगे। एल्डर कमेटी के तीन सदस्यों वरिष्ठ अधिवक्ता एन सी राजवंशी, टीपी सिंह और अनिल तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि कोर्ट के आदेश के तहत अदालत परिसर और पूरे प्रयागराज जनपद में पोस्टर बैनर आदि लगाने पर रोक लगाई गई है। यदि कोई उम्मीदवार इसका उल्लंघन करेगा तो उसकी उम्मीदवारी निरस्त कर दी जाएगी। 15 नवंबर को याचिका की सुनवाई के दौरान इस तथ्य को कोर्ट में रखा जायेगा। टीपी सिंह ने कहा कि चूंकि आम सभा की तारीख कोर्ट ने तय की है। इसलिए आम सभा होने तक जिन सदस्यों ने शुल्क जमा किया होगा वहीं चुनाव प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्णपीठ के फैसले के अनुसार आम सभा को सदस्यता शुल्क जमा करने की तिथि बढ़ाने का अधिकार नहीं है। इसीलिए अवकाश में भी बार एसोसिएशन कार्यालय खुला रहेगा। एल्डर कमेटी ने कहा कि बार एसोसिएशन कार्यालय व अन्य जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जो भी चुनाव प्रक्रिया में व्यवधान उत्पन्न करेगा उसके खिलाफ अनुशासनात्मक, अवमानना व सदस्यता समाप्त करने की कार्यवाही की जायेगी। एल्डर कमेटी ने बताया कि नियम 30 के तहत आम सभा में वार्षिक रिपोर्ट व बजट पर विचार किया जाएगा। अगामी वर्ष के लिए लेखा परीक्षक की नियुक्ति व आठ अगस्त 2021के बाद के कार्यकारिणी के क्रियाकलापों पर विचार किया जाएगा।



