Latest

मुविवि: शिक्षक-कर्मचारियों के लिए खुलेगा हेल्थ सेंटर

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय (मुविवि) के शिक्षक एवं कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है। विवि परिसर में शिक्षक एवं कर्मचारियों को प्राथमिक स्तर पर उपचार एवं परामर्श के लिए हेल्थ सेंटर खुलेगा। विश्वविद्यालय की नवनियुक्त कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने इसके लिए पहल की है। प्रो. सिंह ने बताया कि परिसर में स्वास्थ्य केन्द्र खोलने के लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। आगामी दिनों में प्रस्तावित विद्वत एवं कार्य परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने के बाद अंतिम मुहर के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसके बाद स्वास्थ्य केन्द्र को मूर्त रूप दिया जाएगा।
प्रो. सिंह ने बताया कि कोविड काल में परिसर में हेल्थ सेंटर न होने से कर्मचारी सामान्य बीमारियों के इलाज और परामर्श के लिए परेशान हो रहे थे। यदि परिसर में हेल्थ सेंटर रहेगा तो कर्मचारी व शिक्षक तत्काल जांच करा सकेंगे। जरूरत पड़ने पर उन्हें अन्य अस्पताल के लिए रेफर किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि परिसर में कमरे हैं। शासन से मंजूरी मिल गई तो संविदा पर डॉक्टर की तैनाती कर ली जाएगी। हेल्थ सेंटर से शिक्षक कर्मचारियों को सामान्य बीमारियों की दवाएं और जांच आसानी मिल सकेगी।

कोरोना से मृत अभिभावकों के पाल्यों के फीस माफी की तैयारी

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। कुलपति प्रो. सीमा सिंह ने बताया कि जिन छात्र-छात्राओं के अभिभावकों की मौत कोरोना से हुई है। उनकी फीस माफ करने की तैयारी है। ताकि आर्थिक संकट की वजह से छात्र की पढ़ाई बीच में न छूटे। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है। आगामी दिनों में होने वाली विद्वत एवं कार्य परिषद बैठक में रखा जाएगा। मंजूरी के बाद इसे प्रभावी रुप से लागू कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button