सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक शख्स ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया. शख्स ने भाभी के साथ कथित रूप से अवैध संबंध रखने के लिए टोकने पर अपनी पत्नी के चेहरे पर बुधवार को चाकू से हमला कर दिया.
पुलिस अधीक्षक (देहात) विद्या सागर मिश्र ने बताया कि देवबंद थाने में महिला के पिता लाल सिंह की ओर से दी गई शिकायत में कहा गया है कि विगत फरवरी में उसने अपनी बेटी रश्मि की शादी गांधी कालोनी निवासी विपिन के साथ की थी.
शादी के बाद से ही विपिन दहेज को लेकर रश्मि को शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था. उन्होंने बताया कि रश्मि को शक था कि उसके पति के उसकी जेठानी से अवैध संबंध हैं. इसी बात को लेकर हुई कहासुनी में मंगलवार की रात विपिन ने रश्मि पर चाकू से हमला कर दिया जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
उन्होंने बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने लाल सिंह की तहरीर पर आरोपी पति विपिन और जेठानी रविता के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से ही आरोपी पति, भाभी को साथ लेकर फरार है. गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है.


