हनुमान जी के दरबार में बही भक्ति की बयार

( विनीत मिश्रा )प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार ) हनुमत मानस समिति के तत्वाधान में प्राचीन बालरूप हनुमान मंदिर त्रिपौलिया में में हनुमान जी का रत्नजडि़त आभूषणों से श्रृंगार हुआ। 21 ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच पूजन हुआ। भक्तों ने सामूहिक सुंदरकांड का पाठ किया। ध्वज-पताका, बैंडबाजा के साथ हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में विभोर अग्रवाल, भरतजी अग्रवाल, श्रीभगवान अग्रवाल, अमित अग्रवाल, राम प्रसाद अग्रवाल आदि शामिल रहे। कचहरी रोड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सवा दो कुंतल पुष्पों व तुलसी की लडिय़ों से हनुमान जी का श्रृंगार करके आरती उतारी गई। संयोजन सहायक प्रबंधक महेश चंद्र गुप्त व प्रवक्ता गोपालबाबू जायसवाल ने किया। छुहारा हनुमान मंदिर जोंधवल तेलियरगंज के प्रबंधक राकेश मिश्र ने मंत्रोच्चार के बीच पंचगव्य से हनुमान जी का अभिषेक किया। भक्तों ने भजन के जरिए संकटमोचन की महिमा बखानी। सिद्धपीठ मां ललिता देवी मंदिर परिसर स्थित संकटमोचन हनुमान लला के दरबार में भक्तों ने भजन-कीर्तन के जरिए हनुमान जी की महिमा बखानी। मंदिर समिति के अध्यक्ष हरिमोहन वर्मा व महामंत्री धीरज नागर ने विधि-विधान से पूजन करके संगीतमयी सुंदरकांड पाठ आरंभ कराया। बताशा मंडी स्थित सिद्धपीठ प्राचीन श्री बालरूप हनुमान मंदिर में आशीष पाठक व प्रभात चौरसिया के संयोजन में हनुमान जी का प्राकट्य उत्सव मनाया गया। मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक करके विधि-विधान से पूजन हुआ। हनुमत निकेतन सिविल लाइंस में हनुमान जी का दर्शन करने के लिए देर रात तक भक्तों की भीड़ रही। मंदिर परिसर में सामूहिक सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। श्रीरामबाग हनुमान मंदिर में महंत दीपक शास्त्री के संयोजन में हनुमान जी का प्राकट्य उत्सव मना। अरुण शुक्ल व सौरभ मालवीय ने श्रृंगार व पूजन किया।


