भारतीय रेलवे की अंडर-25 टीम में प्रथम भी शामिल

प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार)। शहर के युवा क्रिकेटर प्रथम मिश्र का चयन भारतीय रेलवे की 20 सदस्यीय अंडर-25 टीम में हुआ है। विशाखापत्तम में 13 अक्टूबर से 11 नवंबर तक आयोजित कैंप के दौरान रेलवे स्पोर्ट्स प्रोमोशन बोर्ड द्वारा चयनित यह टीम 2021-22 के सत्र में राज्य स्तरीय एक दिवसीय प्रतियोगिता में भाग लेगी।
उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय सुबेदारगंज में कार्यरत प्रथम मिश्र दारागंज निवासी इलाहाबाद विश्वविद्यालय के क्रिकेट कोच देवेश मिश्र के पुत्र हैं। प्रथम दायें हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज होने के साथ बायें हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं। टीम में प्रथम के अलावा उमरे मुख्यालय के वरुण पाल को भी शामिल किया गया है।
शमशेर अहमद अंडर-16 क्रिकेट आज से
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। शमशेर अहमद अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता बुधवार से दौलत हुसैन इंटर कालेज मैदान पर शुरू होगी। उद्घाटन मुकाबला भानु प्रताप क्रिकेट क्लब और दौलत हुसैन इंटर कालेज के बीच सुबह नौ बजे से खेला जायेगा। बीसीसीआई लेवल वन कोच एवं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के पूर्व कप्तान मो. राशिद मुख्य अतिथि एवं शमशेर अहमद विशिष्ट अतिथि होंगे। यह जानकारी आयोजन सचिव मसरूर आलम ने दी है।
यश हॉस्पिटल ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता आज से
प्रयागराज (अनुराग दर्शन समाचार )। डीएवी क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में यश हॉस्पिटल ट्रॉफी अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता बुधवार से डीएवी इंटर कालेज मैदान पर शुरू होगी। उद्घाटन मुकाबला शिवपुर क्रिकेट क्लब और त्रिवेणीपुरम क्लब के बीच सुबह नौ बजे से खेला जाएगा। यह जानकारी आयोजन सचिव अंजुम परवेज़ ने दी है।


