इलाहाबाद समाचारदेशप्रदेश
प्रयागराज में कुंभ की तैयारी को लेकर औचक निरीक्षण पर पहुंचे कमिश्नर ने अधिकारियों को लगाई फटकार

प्रयागराज डेस्क । मण्डलायुक्त डॉ. आशीष कुमार गोयल के द्वारा कुम्भ कार्यों का स्थलीय निरीक्षण निरन्तर किया जा रहा है। कुम्भ 2019 के आयोजन में अन्य जनपदों एवं सूदूर क्षेत्रों से आने वाले तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए प्रयागराज के सम्पर्क मार्गों की वस्तुस्थिति देखने हेतु मण्डलायुक्त आज फिर सुबह 06 बजे औचक निरीक्षण में निकले। मण्डलायुक्त प्रयागराज से हण्डिया, प्रयागराज से भदोही, भदोही से मिर्जापुर एवं मिर्जापुर से प्रयागराज के नेशनल हाईवे के मार्गों का औचक निरीक्षण करने हेतु सुबह से लगभग अपरान्ह 01.00 बजे तक मार्गों का निरीक्षण किया।
कमिश्नर ने नगर को जोड़ने वाले राजमार्गों पर सड़कों के विकास कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण
उन्होंने निरीक्षण के दौरान कुम्भ 2019 आयोजन में आने वाले लोगो के आवागमन की व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की। उन्होंने नेशनल हाइवे के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्गों पर चल रहे कार्यों की वजह से सड़क का आवागमन बाधित न हो, इस बात का विशेष ध्यान दिया जाय। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि मार्गों पर चल रहे कार्य जैसे-जैसे पूरे हो, वैसे-वैसे मार्गो की चौडाई बढ़ाने की कार्यवाही करते हुए मार्किंग अवश्य करें, जिससे लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की समस्या न हो।
मण्डलायुक्त ने मिर्जापुर से प्रयागराज के मार्ग के निरीक्षण में गडढ़े एवं जगह-जगह सड़कें टूटी मिलने पर नाराजगी व्यक्त की तथा नेशनल हाइवे के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्गों को दुरूस्त करने की कार्यवाही तत्काल करें। उन्होंने इसके लिए मौके पर उच्चाधिकारियों से दूरभाष के माध्यम से वार्ता कर उन्हें इस मार्ग की वस्तुस्थिति की जानकारी भी दी।
प्रयागराज से जुड़ने वाले नेशनल हाइवे की सड़कों में मार्किंग करते सड़कों की लेनों को प्रदर्शित करें – कमिश्नर
मण्डलायुक्त निरीक्षण के दौरान आज सबसे पहले नेशनल हाईवे संख्या 2 प्रयागराज से वाराणसी मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क के दोनों तरफ उसकी पर्याप्त चौड़ाई पड़ताल भी की। उन्होंने सड़क पर बड़े वाहनों के ओवरटेक अथवा आवागमन में पर्याप्त सड़क की जांच मौके पर फीता से नपवाकर देखी।
सड़कों के किनारे फैली मिट्टी तथा अन्य निर्माण की सामग्री को हटाकर सड़क को पूरी तरह साफ रखा जाय – मण्डलायुक्त।
उन्होंने सड़क पर पड़ी धूल एवं मिट्टी को तत्काल साफ कराकर उसे साफ रखने के निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हाइवे मार्गों में लगी स्ट्रीट लाइटों का निरीक्षण करें तथा जिससे यह लाइटें नियमित रूप से जलती रहें।

सुरक्षा की दृष्टि से ट्राफिक संकेत को सड़कों के मोड़ पर लगाये जाने के मण्डलायुक्त के निर्देश
उन्होंने निरीक्षण के दौरान पाया कि सड़क के मोड़ पर कहीं-कहीं मुड़ने के ट्राफिक चिन्ह नहीं बनाये गये हैं। जिस पर उन्होंने एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया इन स्थलों को चिन्हित करते हुए वहां पर ट्राफिक चिन्ह लगाएं, जिससे लोगों को आवागमन में सड़क के मोड़ की जानकारी दूर से ही पता मिल सके । उन्होंने एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिये गये निर्देशों का अनुपालन 10 दिनों के अन्दर करें जिससे दुबारा निरीक्षण के दौरान मार्गो से सम्बन्धित व्यवस्थायें दुरूस्त देखने को मिले। उन्होंने एनएच के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यो को पूरा करने एवं सड़क के चौड़ीकरण के कार्यों का एक्टिविटी चार्ट बनायें तथा उसी के अनुसार कार्य करते हुए, हंडिया मार्ग पर सुव्यवस्थित ट्राफिक संचालन माह दिसम्बर तक शुरू करें।
नेशनल हाईवे के मार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटें सही हों तथा नियमित रूप से जलती रहें- डॉ. आशीष कुमार गोयल, मण्डलायुक्त।
मण्डलायुक्त ने निरीक्षण करते हुए गोपीगंज से आगे औराई चौराहा पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से चौराहा के सौन्दर्यीकरण एवं सुदृढीकरण के कार्यो के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चौराहों के कार्यों की डिजाईन उन्हें दिखाएं।

मिर्जापुर से प्रयागराज आने वाले मार्ग में गड़ढे देखकर नाराज हुए कमिश्नर, मार्ग को दुरूस्त करने के दिये सख्त निर्देश।
मण्डलायुक्त वहां से मिर्जापुर मार्ग पर गये एवं वहां के कार्यों की जानकारी ली। वहां से मण्डलायुक्त मिर्जापुर से प्रयागराज के मार्ग का निरीक्षण करने निकले। उन्होंने मिर्जापुर से प्रयागराज मार्ग पर सड़क की हालत खराब दिखने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मिर्जापुर से प्रयागराज मार्ग को दुरूस्त किया जाय, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न बरते। उन्होंने इस मिर्जापुर से प्रयागराज मार्ग की वस्तुस्थिति की जानकारी सम्बन्धित प्रमुख सचिव को दूरभाष के माध्यम से भी दी।


